हिमाचल प्रदेश

पांवटा में लोगों को वन्य प्राणी संरक्षण के प्रति किया जागरूक

Gulabi Jagat
4 Oct 2022 4:55 PM GMT
पांवटा में लोगों को वन्य प्राणी संरक्षण के प्रति किया जागरूक
x
पांवटा
प्रदेश में वन्यप्राणी के प्रति लोगों में जागरूकता के लिए 2 से 8 अक्टूबर तक वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह मनाया जा रहा है। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज 2 अक्टूबर को शिमला से इसका शुभारंभ कर चुके है। विभाग द्वारा पहली बार बाइक रैली के माध्यम से लोगों को वन्य प्राणी संरक्षण के प्रति जागरूक करने का अभियान शुरू किया गया है। रैली शिमला से शुरू हो चुकी है जोकि 8 अक्टूबर को पौंग बांध कांगड़ा में खत्म होगी।
इस दौरान बाइक रैली हर दिन 200 किलोमीटर का एरिया कवर करेगी। बता दें, शिमला से शुरू हुई यह रैली 3 अक्टूबर की शाम को पांवटा साहिब पहुंची। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को वन्य प्राणी संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया जिसमें जंगली जीव जंतुओं के संरक्षण और उनके महत्व से जन जागरण का संचार किया गया।
इस दौरान वन विभाग की ओर से पांवटा वन मंडल अधिकारी कुणाल अंग्रीश और सिंबलवाडा से वन्य प्राणी अधिकारी सुरेंद्र सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। वहीँ, 4 अक्टूबर की सुबह कुणाल अंग्रीश ने इस रैली को सिंबलवाडा में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अधिक जानकारी देते हुए सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वन विभाग 71वां वन्य प्राणी सप्ताह मना रहा है जो 8 अक्टूबर तक चलेगा। हिमाचल प्रकृति का संरक्षण विषय पर आयोजित वन्य प्राणी सप्ताह के दौरान विभाग कई तरह के कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।
यह प्रतियोगिताएं भी होंगी
पर्यावरण और वन्य प्राणी संरक्षण के प्रति लोगों की जागरूकता और सहभागिता को बढ़ाने के लिए वन विभाग कई तरह की प्रतियोगिताएं भी आयोजित करवा रहा है। इसमें पेंटिंग, निबंध लेखन, फोटोग्राफी, स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिताएं शामिल है। इसके अलावा विभाग जिला व राज्य स्तर पर बर्ड वाचिंग जैसी गतिविधियों का भी आयोजन करेगा। इससे लोगों को पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों को नजदीक से देखने का मौका मिलेगा। विभाग का यह प्रयास प्राकृतिक और पशु -पक्षी प्रेमियों के लिए खास माना जा रहा है।
Next Story