हिमाचल प्रदेश

हिमाचल में चालू वित्त वर्ष का बजट 2229.94 करोड़ रुपए और बढ़ा, सदन में हंगामा

Deepa Sahu
26 Feb 2022 8:47 AM GMT
हिमाचल में चालू वित्त वर्ष का बजट 2229.94 करोड़ रुपए और बढ़ा, सदन में हंगामा
x
हिमाचल के चालू वित्त वर्ष का बजट 2229.94 करोड़ रुपए और बढ़ गया।

हिमाचल के चालू वित्त वर्ष का बजट 2229.94 करोड़ रुपए और बढ़ गया। विपक्ष के विरोध के बीच इसे शनिवार को पारित कर दिया गया। इस अनुपूरक बजट को पारित करने का मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रस्ताव रखा तो विपक्ष ने सदन में हंगामा कर दिया। किन्नौर के विधायक जगत सिंह नेगी ने कहा कि हमें बिल का दस्तावेज अभी मिला है। गुचचुप तरीके से सरकार पारित करना चाह रही है। सरकार जल्दबाजी में है।

नियमों के तहत बिल 24 घंटे पहले हमारे पास आना चाहिए। क्या हम सुपर कम्पयूटर हैं। इसे एकदम पढ़ लेंगे। ये जल्दबाजी है। कम से कम एक दिन का समय देते। राजस्व व्यय ज्यादा, पूंजीगत व्यय कम है। पूंजीगत व्यय से आधारभूत ढांचा बनाया जाता है। 2000 करोड़ रुपये फिजूलखर्ची में गए। बिजली बोर्ड और एचआरटीसी में व्यापक भ्रष्टाचार है। बोर्डों-निगमों में चेयरमैन, वाइस चेयरमैन की फौज खड़ी कर दी है। वाइस चेयरमैन बनाने की क्या ज़रूरत है। विधायकों को ही वाइस चेयरमैन बना देते।
स्पीकर ने कहा कि सदस्यों को जानकारी दिए बगैर ही इस तरह के बिल पेश किए जा सकते हैं। भाजपा सबका विकास नहीं, सबका विनाश कर के सत्ता से जाना चाह रही है। ये लोग जाने वाले हैं। मुख्यमंत्री ने इसे मजाक बताया तो जगत सिंह नेगी बोले कि आप बोलें तो गीता का उपदेश और हम बोलें तो मजाक है। माकपा विधायक राकेश सिंघा ने कहा कि वित्तीय विधेयक पर चर्चा के लिए आपको वक्त देना चाहिए था, जो नहीं किया गया।
यूक्रेन में फंसे छात्रों के बारे में सीएम जयराम ने सदन में दी जानकारी, आज आएंगे दो विमान
यूक्रेन में फंसे लोगों के बारे में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सदन में वक्तव्य दिया कि उन्हें यूक्रेन में हिमाचल प्रदेश के नागरिकों के फंसने की चिंता है। विदेश मंत्री एस जयशंकर को उन्होंने खुद पत्र लिखा है। मुख्य सचिव ने भी विदेश सचिव से बात की है। यूक्रेन के साथ पोलेंड, हंगरी के रास्ते भारतीयों को निकाला जा रहा है। दिल्ली से हिमाचल लाने का खर्च प्रदेश सरकार वहन कर रही है। आज दो विमान दिल्ली आ रहे हैं।
एक में हिमाचल के 15 लोग हैं तो दूसरे में 17 लोग हैं। दिल्ली से हिमाचल लाने के लिए एचआरटीसी और पर्यटन निगम की बसों से व्यवस्था की जा रही है। आवासीय आयुक्त को यह जिम्मेवारी दी गई है। सबका आरटीपीसीआर टेस्ट करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वहां फंसे लोगों की संख्या बढ़ती ही जा रही है।

बच्चे कीव में बैठे हैं, सबसे ज़्यादा खतरे में हैं, उन्हें लाएं : आशा
कांग्रेस विधायक आशा कुमारी ने कहा कि जो बच्चे कीव में बैठे हैं, सबसे ज़्यादा खतरे में हैं। उन्हें हिमाचल लाया जाए। वहां धमाके भी हो रहे हैं। जो सीमा पर थे, ये वे लोग हैं, जिन्हें वापस लाया जा रहा है।

मुकेश अग्निहोत्री ने विधायक अनिरुद्ध सिंह से दुर्व्यवहार का मामला उठाया
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र के चौथे दिन की कार्यवाही में प्रश्नकाल से पहले नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने सदन में कांग्रेस विधायक अनिरुद्ध सिंह से दुर्व्यवहार का मामला उठाया। मुकेश अग्निहोत्री ने पुलिस सब इंस्पेक्टर को विधायक से दुर्व्यवहार पर निलंबित करने की बात की। विधानसभा अध्यक्ष से विशेषाधिकार की शिकायत पर कार्रवाई करने को कहा। प्रश्नकाल शुरू होने से पहले व्यवस्था के प्रश्न के तहत यह मामला उठाया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सब इंस्पेक्टर को निलंबित किया गया है और अधिकारियों को जांच के आदेश भी दिए हैं। 22 तारीख को घटना हुई, विधायक ने शिकायत करने में देरी की। चुने हुए व्यक्ति को किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार की अनुमति नहीं होगी, चाहे पुलिस अधिकारी हो या कोई और, व्यवहार में शालीनता का होना ज़रूरी है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कई बार ट्रैफिक जाम वगैरह को नियंत्रित करते हुए भी पुलिस कर्मी व्यवहार बदल सकते हैं पर शालीनता ज़रूरी है। विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने कहा कि विशेषाधिकार की शिकायत प्रिविलेज कमेटी को रेफर की जा रही है। प्रधान सचिव गृह को भी कार्रवाई को मामला भेजा गया है।


Next Story