हिमाचल प्रदेश

हिमाचल के पर्यटन स्‍थलों पर शिमला में पहुंचे सैकड़ों पर्यटक वाहन

Deepa Sahu
14 Nov 2021 7:11 AM GMT
हिमाचल के पर्यटन स्‍थलों पर शिमला में पहुंचे सैकड़ों पर्यटक वाहन
x
हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्‍थल वीकेंड पर सैलानियों से गुलजार हो गए हैं।

शिमला, हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्‍थल वीकेंड पर सैलानियों से गुलजार हो गए हैं। शिमला सहित धर्मशाला, कसौली, डलहौजी व मनाली में भी पर्यटकों की भीड़ लग गई है। वीकेंड पर प्रदेश में हजारों पर्यटक वाहन पहुंचे हैं। राजधानी शिमला में फिर सैलानी अधिक संख्या में दिखने लगे हैं। वीकेंड पर पड़ोसी राज्यों से घूमने आए सैलानियों से पर्यटन स्थल सराबोर हैं। त्योहारी सीजन खत्म होने के बाद कुछ समय के लिए राजधानी से पर्यटकों की भीड़ कम हुई थी, लेकिन अब फिर पर्यटन स्थलों पर रौनक लौटने लगी है। रिज मैदान पर शनिवार को वीकेंड पर काफी संख्या में पर्यटक पहुंचे। इनमें सबसे अधिक नवविवाहित जोड़े शामिल थे। गेयटी थियेटर, रिज के चर्च के पास पर्यटकों की अधिक भीड़ रही। गेयटी थियेटर, टाउन हाल व रिज मैदान पर लगा तिरंगा सेल्फी प्वाइंट बना हुआ है।

यहां पर सैलानी मोबाइल फोन से अपनी फोटो कैद कर रहे हैं। शहर के ओपन थियेटर में भी सैलानी फोटो खिंचवा रहे हैैं। पुलिस के मुताबिक शनिवार को 1100 से अधिक वाहन शिमला पहुंचे हैं। इसमें पंजाब, हरियाणा व दिल्ली के वाहन शामिल हैं।
बिना माक्स वाले सैलानी खतरा
कोरोना काल में पर्यटक घूमने के लिए शिमला पहुंचे हैं। आधे से ज्यादा सैलानी बिना मास्क घूम रहे हैं। इससे कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका है। स्थानीय लोग कोविड नियमों का पालन कर रहे हैं, लेकिन बाहर से आए पर्यटक बिना मास्क घूमते दिख रहे हैं। एहतियात नहीं बरती तो आने वाले समय में खतरा फिर बढ़ सकता है।
Next Story