हिमाचल प्रदेश

एचआरटीसी पेंशनर्ज की हड़ताल खत्म, पांच दिन से पेंशन-वित्तीय लाभों को चला था अनशन

Renuka Sahu
1 March 2022 5:56 AM GMT
एचआरटीसी पेंशनर्ज की हड़ताल खत्म, पांच दिन से पेंशन-वित्तीय लाभों को चला था अनशन
x

फाइल फोटो 

एचआरटीसी मुख्यालय के बाहर पिछले पांच दिनों से अनशन पर बैठे एचआरटीसी पेंशनर्ज ने अब अपनी हड़ताल समाप्त कर ली है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। एचआरटीसी मुख्यालय के बाहर पिछले पांच दिनों से अनशन पर बैठे एचआरटीसी पेंशनर्ज ने अब अपनी हड़ताल समाप्त कर ली है। पेंशनर्ज समय से पेंशन न मिलने और लंबित वित्तीय भत्तों के लेकर अनशन पर बैठे थे। इसके बाद परिवहन मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार के साथ विधानसभा में इनकी बैठक हुई थी। बैठक में इनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया था। इस आश्वासन के बाद भी इनकी हड़ताल जारी थी। इनका कहना था कि जब तक इन्हें बैठक की लिखित प्रोसीडिंग नहीं मिलती है, तब तक यह अपना अनशन समाप्त नहीं करेंगे। ऐसे में अब सोमवार को एचआरटीसी प्रबंधन की ओर से इन्हें प्रोसीडिंग की कापी जारी कर दी गई है। एचआरटीसी सेवानिवृत्त कर्मचारी समाधान मंच के आह्वान पर निगम मुख्यालय शिमला में 24 फरवरी से शुरू हुए आंदोलन के दूसरे दिन 25 फरवरी को परिवहन मंत्री विक्रम ठाकुर के आमंत्रण पर विधानसभा चैंबर में परिवहन मंत्री और निगम प्रबंधन के साथ मांगपत्र पर अशोक पुरोहित के नेतृत्व में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ सार्थक वार्ता हुई थी।

वार्ता की लिखित प्रोसिडिंग शिमला मुख्यालय में निगम के वित्तीय सलाहकार एवं सीईओ केआर नेगी ने अशोक पुरोहित को प्रदान की, जिसके लिए अशोक पुरोहित व समाधान मंच के नेताओं ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार और परिवहन मंत्री विक्रम ठाकुर का सेवानिवृत्त परिवहन कर्मचारियों की ओर से धन्यवाद किया है। समाधान मंच के अध्यक्ष अशोक पुरोहित, प्रदेश प्रवक्ता शंकर सिंह ठाकुर सहित गुलाब सिंह धीमान, भूप सिंह चौहान, रामगोपाल, सतपाल भारद्वाज, श्रवण शर्मा, कमलेश कुमार, देवराज ठाकुर, ताराचंद ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मानवीय दृष्टिकोण के साथ सेवानिवृत्त परिवहन कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल से मांगपत्र पर सार्थक पहल के साथ गंभीरता से वार्ता कर सेवानिवृत्त कर्मचारियों के प्रबल आक्रोश को शांत करने का सफल प्रयास किया है।
एक मंच पर आने का आह्वान
विधानसभा सचिवालय में हुई सफल वार्ता से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को हर रोज आने वाली समस्याओं के स्थायी समाधान के द्वार खुले हैं। भविष्य में जिसके सुखद परिणाम देखने को मिलेंगे। समाधान मंच के नेताओं ने सेवानिवृत्त समस्त परिवहन कर्मचारियों को एक मंच पर आने का आह्वान किया है।
Next Story