हिमाचल प्रदेश

डैहर-कांगू सड़क धंसने से HRTC बस दुर्घटनाग्रस्त

Shreya
12 Aug 2023 8:51 AM GMT
डैहर-कांगू सड़क धंसने से HRTC बस दुर्घटनाग्रस्त
x
सड़क धंसने से HRTC बस दुर्घटनाग्रस्त

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में डैहर-कांगू सड़क मार्ग पर राज्य परिवहन निगम की एक बस शनिवार सुबह सड़क धंसने से नीचे पहाड़ी पर जाकर अटक गई जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। हादसे के समय बस में 12 यात्री सवार थे। पुलिस ने आज यहां बताया कि मंडी क्षेत्र में कल देर शाम से लगातार बारिश हो रही है ऐसे में सड़क के नीचे की सतह दलदली हो गई है। जैसे ही बस इसके ऊपर से गुजरी तो सड़क धंस गई तथा लगभग 50 फुट नीचे जाकर ढलान पर अटक गई। नीचे गहरी खड्ड थी और पानी भी था। ऐसे में बड़ा हादसा होने से बच गया। बस में 12 यात्री मौजूद थे। इस घटना में चालक-परिचालक सहित सभी यात्रियों को चोंटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल लोगों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से पांच घायलों को मेडिकल कॉलेज नेरचौक के लिए रैफर किया गया है।

पुलिस उपाधीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि बस सुबह लगभग पांच बजे सुंदरनगर से रवाना हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक राजकुमार पाठक के अनुसार निगम की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है। जिले में कल से लगातार बारिश होने से अनेक सड़कें बंद होने की सूचना है। चक्कीमोड़ के निकट भूस्खलन होने से सुबह कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया जिसे करीब दो घंटे के बाद बहाल कर दिया गया। भूस्खलन होने से राजमार्ग पर करीब दो घंटे तक वाहनों का लंबा जाम लगा रहा और यात्रियों को खासी परेशानी हुई।

वहीं मंडी-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग छह और नौ मील के निकट मलबा और चट्टानें गिरने के कारण शुक्रवार देर शाम से बंद है। छह मील में शुक्रवार देर शाम एक कार पर पत्थर गिरने से इसमे सवार छह साल के बच्चे की मौत हो गई तथा परिवार के अन्य लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये। मंडी-कुल्लू वाया कटौला सड़क मार्ग पर दो जगहों कांडी तथा चढ़ी नाला में पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने से बंद है। पंडोह-गोहर मार्ग पर टिल्ली के निकट भूस्खलन होने कारण बंद है। वहीं भारी बारिश के कारण चेर चौक स्थित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पानी और मलबा आने से चिकित्सा व्यवस्था प्रभावित हुई है।

राज्य में बारिश के येलो अलर्ट के बीच शनिवार दो राष्ट्रीय राजमार्गों 395 सड़कें बंद हैं। लगभग 1184 बिजली ट्रांसफार्मर और 26 पेयजल योजनाएं भी बंद हैं। कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग भी बार बार भूस्खलन होने से अवरुद्ध हो रहा है। वहीं शिमला जिले के जुब्बल क्षेत्र के बोली नाला गांव में सुरेंद्र सिंह के दो मंजिला मकान में कल शाम अचानक आग लगने से इसके दो कमरे पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस घटना में एक नेपाली मजदूर अशोक बहादुर (40) आग की चपेट में आने से जिंदा चल गया। आग लगने सम्भत: शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। इस घटना में करीब डेढ़ लाख रूपये के नुकसान का अनुमान है।

Next Story