हिमाचल प्रदेश

हिमाचल में होटल संचालन शुल्क ढाई गुना बढ़ा, जयराम ठाकुर ने जताया विरोध

Admindelhi1
24 Nov 2026 3:00 PM IST
हिमाचल में होटल संचालन शुल्क ढाई गुना बढ़ा, जयराम ठाकुर ने जताया विरोध
x
हिमाचल में होटल संचालन शुल्क 72 हजार से बढ़कर 1.80 लाख रुपये हुआ

शिमला: हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से होटलों के संचालन सहमति शुल्क में ढाई गुना बढ़ोतरी किए जाने पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नाराजगी जताई है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से इस फैसले को तत्काल वापस लेने की मांग की है।

जयराम ठाकुर के अनुसार, ग्रीन श्रेणी के 10 से 13 कमरों वाले छोटे होटलों का पांच साल का शुल्क 72 हजार रुपये से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये कर दिया गया है। वहीं, वार्षिक शुल्क 14,400 रुपये से बढ़ाकर 36 हजार रुपये किया गया है। पांच साल का शुल्क एकमुश्त जमा करने की व्यवस्था पर भी उन्होंने सवाल उठाए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अधिकांश होटल संचालक अपने होटल एक साल की लीज पर देते हैं। ऐसे में पांच वर्षों का शुल्क एक साथ जमा करना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और इससे हजारों परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। शुल्क में बढ़ोतरी से छोटे होटल कारोबारियों की आर्थिक परेशानी बढ़ सकती है।

Next Story