हिमाचल प्रदेश

हिमाचल के नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू रविवार को सुबह 11 बजे लेंगे शपथ ग्रहण

Admin Delhi 1
10 Dec 2022 2:21 PM GMT
हिमाचल के नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू रविवार को सुबह 11 बजे लेंगे शपथ ग्रहण
x

शिमला: कांग्रेस हाईकमान ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लिया है. इसके साथ ही प्रतिभा सिंह के समर्थक विधायक मुकेश अग्निहोत्री को डिप्टी सीएम बनाया जाएगा। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में इस संबंध में मुहर लगा दी गई है। रविवार को सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। विधायक दल की बैठक के बाद कांग्रेस नेता शाम 7 बजे राज्यपाल से मिलेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने बताया कि सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री और मुकेश अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री होंगे। इस बैठक में दोनों पर्यवेक्षक-छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा पार्टी के राज्य प्रभारी राजीव शुक्ला मौजूद थे।

विधायक दल की बैठक के बाद शुक्ला ने बताया कि अलाकमान ने फैसला किया है कि सुक्खू मुख्यमंत्री और अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री होंगे। कांग्रेस आलाकमान ने नदौन से विधायक 58 वर्षीय सुक्खू के नाम पर रजामंदी दी। नयी सरकार का शपथ ग्रहण रविवार सुबह होगा। राज्य की 68 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास 40 विधायक हैं।

इसके पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा था कि पार्टी पर्यवेक्षकों को पहाड़ी राज्य में भेजा गया है, जो सभी विधायकों के विचार उनसे व्यक्तिगत रूप से मांग रहे हैं और वे उन्हें उनकी राय से अवगत कराएंगे। खरगे ने कहा कि इसके आधार पर मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का फैसला होगा। सुबह से ही कांग्रेस विधायकों का शिमला स्थित सेसिल होटल में जमावड़ा होने लगा, जहां पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक-छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश पटेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ठहरे हुए हैं।

विधानसभा चुनाव में स्पष्ट जनादेश के साथ मिली जीत के बावजूद कांग्रेस को छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह के निधन से उत्पन्न हुए शून्य की भरपाई करने में कठिनाई का सामना करना पड़ा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह पिछले कुछ दिनों से यह संकेत दे रही थीं कि वह मुख्यमंत्री पद की दावेदार हैं। उनके समर्थकों ने भी शिमला में जमकर नारेबाजी की और वीरभद्र सिंह की विरासत का सम्मान करने की मांग की।

सुक्खू ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा, ''मैं मुख्यमंत्री पद का आकांक्षी नहीं हूं। मैं केवल एक कांग्रेस कार्यकर्ता हूं। शीर्ष नेतृत्व जो भी निर्णय लेगा, वह मुझे मंजूर होगा।'' इसके पहले शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में एआईसीसी के प्रभारी राजीव शुक्ला के साथ पर्यवेक्षकों ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की थी और उन्हें पार्टी के विजेता विधायकों की सूची सौंपकर सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए समय मांगा था।

Next Story