हिमाचल प्रदेश

हिमाचली की बेटी ताइक्वांडो में करेगी देश का प्रतिनिधित्व

Admin Delhi 1
18 Sep 2022 8:05 AM GMT
हिमाचली की बेटी ताइक्वांडो में करेगी देश का प्रतिनिधित्व
x

हिमाचल न्यूज़: रॉकफोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाली "लारनया शर्मा" को बचपन में ही अस्थमा की बीमारी ने घेर लिया। डॉक्टरों ने खेल को ही एक ऐसा मार्ग बताया कि जिससे वह स्वस्थ्य हो सकती थी। बचपन में ही लारनया ने ताइक्वांडो (Taekwondo) खेल को चुना। इसके बाद कई उपलब्धियां जोड़ी। लारनया ने न केवल उपलब्धियां हासिल की, बल्कि बीमारी को भी हराया। ताजे घटनाक्रम में 21 से 25 सितंबर तक आयोजित हो रही माउंट एवरेस्ट अंतरराष्ट्रीय ओपन ताइक्वांडो (Mount Everest International Open Taekwondo) प्रतियोगिता में वो भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही है। इसके लिए लारनया नेपाल के लिए रवाना हो गई है। मूलत: भटोली की रहने वाली लारनया शर्मा के पिता सुधीर कुमार पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में शाखा प्रबंधक है, जबकि माता मीनू गृहणी है। रॉकफोर्ड स्कूल के एमडी विनोद आनंद ने बताया कि लारनया शर्मा की शुरू से ही खेल के प्रति काफी रुचि है। ताइक्वांडो के राष्ट्रीय मुकाबले में 7 गोल्ड मेडल हासिल किए हैं।

उन्होंने बताया कि 2020 में भी लारनया शर्मा का अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता (international competition) के लिए चयन हुआ था, लेकिन कोविड की वजह से प्रतियोगिता नहीं हो पाई। अब अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए नेपाल रवाना हुई है। उम्मीद है कि लारनया बेहतर प्रदर्शन न केवल हिमाचल प्रदेश, बल्कि भारत का नाम रोशन करेगी।

Next Story