हिमाचल प्रदेश

खेलो इंडिया में 14 मैडल के साथ हिमाचल पहले स्थान पर

Shantanu Roy
14 Feb 2023 9:37 AM GMT
खेलो इंडिया में 14 मैडल के साथ हिमाचल पहले स्थान पर
x
बड़ी खबर
पतलीकूहल। खेलो इंडिया के शीतकालीन खेलों में हिमाचल प्रदेश के खिलाडिय़ों ने बेहतर प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। हिमाचल की टीम 32 में से 14 मैडल लेकर शीतकालीन खेलों में अभी तक पहले स्थान पर चल रही है। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में चल रही शीतकालीन खेलों के तीसरे दिन भी हिमाचल का बेहतर प्रदर्शन रहा है। हिमाचल की टीम ने स्नो बोर्ड सहित अल्पाइन स्कीइंग में शानदार प्रदर्शन किया। हिमाचल की टीम 4 स्वर्ण, 5 रजत व 5 कांस्य पदक लेकर पहले स्थान पर चल रही है, जबकि आर्मी की टीम 4 स्वर्ण, 4 रजत व 3 कांस्य पदक लेकर दूसरे स्थान पर चल रही है।
जे. एंड के. टीम 2 स्वर्ण, एक रजत व एक कांस्य पदक के साथ तीसरे स्थान पर, आई.टी.बी.पी. की टीम एक स्वर्ण व एक रजत के साथ चौथे जबकि कर्नाटक की टीम एक कांस्य पदक लेकर 5वें स्थान पर चल रही है। मंगलवार को शीतकालीन खेलें विधिवत रूप से संपन्न हो जाएंगी। हिमाचल टीम की खिलाड़ी दीक्षा ठाकुर, राहुल ठाकुर, वर्षा व शवनम ने स्वर्ण पदक जीता है, जबकि पूजा, वंश ठाकुर, प्रणव ठाकुर, प्रोमिला व ज्योतिका ने रजत पदक प्राप्त किया है। प्रीति, वंश, पर्वतारोहण संस्थान के सुमित महंत, निखिल व तनुजा ने कांस्य पदक जीता है। हि.प्र. विंटर गेम्स एसोसिएशन के अध्यक्ष लुदर ठाकुर ने बताया कि उनकी टीम 14 पदक के साथ पहले स्थान पर चल रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक भुवनेश्वर गौड़, भारतीय ओलिम्पिक संघ की कार्यकारिणी के सदस्य अमिताभ शर्मा व स्की एंड स्नो बोर्ड इंडिया के महासचिव रूप चंद नेगी ने हिमाचल टीम को बधाई दी है।
Next Story