हिमाचल प्रदेश

हिमाचल की ऊर्जा नीति में बड़ा बदलाव, जलविद्युत परियोजनाओं से मिलेगी 50 फीसदी मुफ्त बिजली

Admindelhi1
26 Nov 2026 2:49 PM IST
हिमाचल की ऊर्जा नीति में बड़ा बदलाव, जलविद्युत परियोजनाओं से मिलेगी 50 फीसदी मुफ्त बिजली
x
सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला, जल संसाधनों से बढ़ेगी प्रदेश की हिस्सेदारी

शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति-2021 में संशोधन को मंजूरी दी है। इसके तहत केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों की संबंधित जलविद्युत परियोजनाओं को संचालन के 40 वर्ष पूरे होने के बाद अगले 10 वर्षों तक राज्य सरकार को 50 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी देनी होगी।

परियोजनाओं के संचालन के 50 वर्ष पूरे होने और सभी देनदारियों का निपटारा करने के बाद इन्हें बिना किसी लागत के राज्य सरकार को हस्तांतरित किया जाएगा।

संशोधित नीति के दायरे में एनएचपीसी की बैरा स्यूल, चमेरा और पार्वती परियोजनाओं के अलावा एसजेवीएन की नाथपा झाकड़ी एवं रामपुर तथा एनटीपीसी की कोल बांध परियोजना शामिल होगी। नए प्रावधान लागू करने के लिए संबंधित कंपनियों के साथ अलग-अलग समझौते किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से होने वाली आय में प्रदेश की उचित हिस्सेदारी सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। मुफ्त बिजली रॉयल्टी बढ़ने से राज्य की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी और विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।

Next Story