हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश: कांग्रेस के सीएम पद के तीन दावेदारों के सपने चकनाचूर

Gulabi Jagat
8 Dec 2022 4:19 PM GMT
हिमाचल प्रदेश:  कांग्रेस के सीएम पद के तीन दावेदारों के सपने चकनाचूर
x
शिमला: जैसे-जैसे चुनाव के परिणाम सामने आए, वैसे-वैसे साफ होता गया कि प्रदेश में रिवाज नहीं बदलेगा। अभी तक के चुनाव परिणामों पर नजर दौड़ाएं तो कांग्रेस (Congress) के द्रंग से दिग्गज लीडर व मुख्यमंत्री पद के दावेदार ठाकुर कौल सिंह चुनाव हार गए हैं। वहीं, डलहौजी से महिला प्रत्याशी आशा कुमारी भी चुनाव हार कर दौड़ से बाहर हो गई हैं। वहीं, श्री नैना देवी सीट से कांग्रेस के एक और दिग्गज राम लाल ठाकुर भी चुनाव हार कर सीएम पद की रेस से बाहर हो गए हैं।
अब सीएम पद की दौड़ में हरोली से मुकेश अग्निहोत्री, नादौन से सुखविंद्र सिंह सुक्खू, शिलाई से हर्षवर्धन सिंह चौहान के अलावा कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता धनीराम शांडिल सोलन से जीत दर्ज करने में सफल हुए। मंडी से कांग्रेस को अधिकतर सीटों से हार का सामना करना पड़ा है।
वहीं, शिमला के रामपुर से भी बहुत कम अंतर से कांग्रेस उम्मीदवार की जीत हुई है, जिसके चलते सांसद प्रतिभा सिंह का दावा कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है। वहीं, ठियोग से अप्रत्याशित रूप से जीत दर्ज करने वाले कुलदीप सिंह राठौर भी खुद को रेस में मान रहे हैं। देखना है कि आलाकमान व विधायकों की राय के बाद किसे हिमाचल का ताज मिलेगा।
कांग्रेस के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार ऊना में कांग्रेस के प्रदर्शन व मुकेश अग्निहोत्री की होलीलाॅज से नजदीकियां उन्हें सीएम पद की कुर्सी दिला सकती हैं। वहीं, नादौन से विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी अपना दावा ठोकेंगे। धनीराम शांडिल की उम्र मुख्यमंत्री पद के आड़े आएगी।
हर्षवर्धन सिंह चौहान हालांकि काफी कम मार्जिन से जीते हैं, मगर उनके इलाके में हाटी वाला मुद्दा काफी हावी था। बावजूद इसके हर्ष ने भाजपा के बलदेव तोमर को पराजित कर दिया। सिराज के बाद शिलाई विधानसभा क्षेत्र (Shillai Assembly Constituency) ऐसा था, जहां सबसे अधिक विकास कार्य हुए। मगर शिलाई के लोगों ने विकास के उपर व्यक्तिगत छवि को तरजीह देकर हर्षवर्धन चौहान को विजयी बनाकर अपने क्षेत्र से मुख्यमंत्री पद की दावेदारी ठोक दी है।
कुल मिलाकर जो भी मुख्यमंत्री होगा, उसकी छवि में तमाम गुण दोषों को परख कर आलाकमान हिमाचल प्रदेश की सरदारी सौंपेगा। खासकर प्रियंका गांधी ने जिस प्रकार से हिमाचल में कांग्रेस को संजीवनी दी, उससे साफ है कि मुख्यमंत्री उनकी पसंद का होगा।
Next Story