हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश : 22 अप्रैल को कांगड़ा में शक्ति प्रदर्शन करेगी भाजपा

Ritisha Jaiswal
18 April 2022 9:05 AM GMT
हिमाचल प्रदेश : 22 अप्रैल को कांगड़ा में शक्ति प्रदर्शन करेगी भाजपा
x
पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं

पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसको लेकर भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गई हैं।

हालिया विधानसभा चुनावों में कामयाबी पाने के बाद भाजपा और आप हिमाचल प्रदेश के चुनाव में भी अपने बेहतर प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश कर रही हैं। वहीं राज्य में पिछले साल हुए उपचुनावों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली कांग्रेस को उम्मीद है कि कई चुनावों में नाकामी के बाद उसके प्रदर्शन में बदलाव आएगा।
आप और भाजपा इस सप्ताह राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण कांगड़ा जिले में 15 विधानसभा क्षेत्रों में ताकत का प्रदर्शन करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 22 अप्रैल को कांगड़ा से नगरोटा बगवां तक पार्टी के रोड शो का नेतृत्व करेंगे, वहीं आप 23 अप्रैल को शाहपुर निर्वाचन क्षेत्र के चंबी मैदान में एक रैली का आयोजन करेगी जिसे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल संबोधित करेंगे।
सूत्रों ने यहां बताया कि नड्डा नगरोटा बगवां में एक शादी समारोह में शामिल होने कांगड़ा जा सकते हैं। कांगड़ा के पार्टी पदाधिकारियों ने 23 अप्रैल को आप की रैली से एक दिन पहले रोड शो के रूप में ताकत दिखाने का अवसर चुना।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 22 अप्रैल को रोड शो के बाद नड्डा नगरोटा बगवां के गांधी मैदान में एक रैली को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल में आप का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा और 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर से सत्ता में आएगी।
इस बीच, धर्मशाला के आप नेता राकेश चौधरी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि 23 अप्रैल को कांगड़ा के चंबी मैदान में केजरीवाल की रैली सत्ताधारी पार्टी के लिए आंखें खोलने वाली होगी। उन्होंने कहा कि आप का राज्य में पहले से ही प्रभाव है क्योंकि इसने भाजपा सरकार को हिमाचल के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली और मुफ्त पानी देने की घोषणा करने के लिए मजबूर किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा हिमाचल में आप सरकार के दिल्ली मॉडल पर चल रही है।


Next Story