हिमाचल प्रदेश

हिमाचल में भाजपा नेता कौल नेगी का SC प्रमाण पत्र रद्द, रामपुर उपचुनाव से पहले बढ़ा विवाद

Admindelhi1
24 Nov 2026 3:00 PM IST
हिमाचल में भाजपा नेता कौल नेगी का SC प्रमाण पत्र रद्द, रामपुर उपचुनाव से पहले बढ़ा विवाद
x
रामपुर सीट पर उपचुनाव की आहट के बीच कौल नेगी का SC सर्टिफिकेट रद्द करने का आदेश

शिमला: हिमाचल प्रदेश के रामपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की चर्चाओं के बीच भाजपा के पूर्व प्रत्याशी कौल नेगी का अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र विवादों में आ गया है। पूर्व भाजपा नेता एवं सेवानिवृत्त IAS अधिकारी प्रेम सिंह दरैक ने दावा किया है कि उनकी अपील पर सुनवाई के बाद एसडीएम सिविल रामपुर ने कौल नेगी का SC प्रमाण पत्र रद्द करने का आदेश दिया है।

दरैक के अनुसार, 16 अगस्त 2022 को जारी प्रमाण पत्र और 29 अक्टूबर 2022 के संबंधित आदेश को निरस्त किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रमाण पत्र जारी करने वाले अधिकारी के क्षेत्राधिकार और आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए हैं। एसडीएम ने तहसीलदार को राजस्व रिकॉर्ड और ऑनलाइन पोर्टल में इसकी जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। कौल नेगी को सक्षम अधिकारी के समक्ष दोबारा आवेदन करने का विकल्प भी दिया गया है।

दरैक ने जरूरत पड़ने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। हालांकि, इस मामले में कौल नेगी का पक्ष सामने नहीं आया है।

गौरतलब है कि कांग्रेस विधायक नंद लाल के निधन के बाद रामपुर विधानसभा सीट खाली हुई है। वर्ष 2022 के चुनाव में कौल नेगी इसी सीट से भाजपा के उम्मीदवार थे और नंद लाल से मामूली अंतर से हार गए थे। अब उपचुनाव से पहले प्रमाण पत्र का यह विवाद राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।

Next Story