- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- हिमाचल प्रदेश : विश्व...
हिमाचल प्रदेश : विश्व पर्यावरण दिवस पर एसीएस ने तीन स्कूलों को ग्रीन अवार्ड से किया सम्मानित

जनता से रिश्ता वेबडेस्क : हिमाचल प्रदेश के तीन स्कूलों को अपने परिसरों को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए ग्रीन स्कूल पुरस्कारों से नवाजा गया है। पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य करने वाली सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट (सीएसई) के ग्रीन स्कूल प्रोग्राम (जीएसपी) के तहत स्कूलों की पर्यावरण व्यवस्था के आधार पर अलग-अलग वर्ग में तीन स्कूलों को सम्मानित किया गया। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य पर रविवार को शिमला के गेयटी थियेटर में अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यावरण विज्ञान व प्रौद्योगिकी विभाग प्रबोध सक्सेना ने ये पुरस्कार प्रदान किए। पिछले तीन सालों से लगातार पर्यावरण के अनुकूल माहौल बनाए रखने के लिए सोलन को राज्य का सर्वश्रेष्ठ जिला घोषित किया गया। पर्यावरण के तय मानकों पर सोलन जिला के स्कूलों ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। शिवालिक वैली पब्लिक स्कूल सोलन, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नैनीधार (सिरमौर) और सरकारी हाई स्कूल डुघा (हमीरपुर) को 2021-22 की मुख्यमंत्री रॉलिंग ट्राफियां प्रदान की गईं।





