हिमाचल प्रदेश

हिमाचल पुलिस पेपर लीक मामला: CBI ने मांगा रिकॉर्ड, दर्ज करेगी FIR

Admin4
20 Nov 2022 9:48 AM GMT
हिमाचल पुलिस पेपर लीक मामला: CBI ने मांगा रिकॉर्ड, दर्ज करेगी FIR
x
शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक मामले की जांच अब CBI करेगी। FIR दर्ज करने के लिए CBI ने पुलिस विभाग से केस संबंधी रिकॉर्ड मांगा है। प्रदेश सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए CBI से जांच करने का आग्रह किया था। आग्रह को मानते हुए CBI ने हिमाचल पुलिस को पत्र लिखकर कहा है कि जिला कांगड़ा के गग्गल थाने और CID द्वारा दर्ज FIR, चार्जशीट सहित अन्य जानकारियां प्रेषित की जाएं।
वहीं मामले में 2 अन्य आरोपियों ने कांगड़ा कोर्ट में आत्मसमर्पण किया है। आरोपियों से पुलिस पूछताछ के बाद जिला कांगड़ा सहित प्रदेशभर में कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। एक संस्थान में कोचिंग देने वाले विनीत कुमार निवासी शंकरपुर मुंगेर, बिहार और वेद प्रकाश निवासी रामबिग्ग कुंड बिहार पुलिस की वांटेड सूची में शामिल थे। दोनों ने भर्ती पेपर अभ्यर्थियों को बेचा था।
पुलिस अधीक्षक SSP डॉ. खुशहाल शर्मा ने बताया कि आरोपियों को कांगड़ा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी एक संस्थान में कोचिंग देते थे और वहीं से उन्होंने पुलिस भर्ती का पेपर अभ्यर्थियों को बेचा था। शुक्रवार को उन्हें कांगड़ा में न्यायाधीश शिखा लखनपाल की अदालत में पेश किया गया।
हिमाचल पुलिस में कांस्टेबलों के 1334 पदों पर भर्ती के लिए प्रदेश के 81 केंद्रों में 27 मार्च को परीक्षा ली गई थी। 5 अप्रैल को परिणाम घोषित किया गया था। 5 मई को पेपर लीक होने का मामला सामने आया। 6 मई को मुख्यमंत्री ने परीक्षा रद्द करके पुलिस की विशेष जांच टीम को मामला सौंपा। इसके बाद जिला कांगड़ा में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार करके जांच को आगे बढ़ाया था।
मामले में अभी तक 139 आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनमें से 22 अन्य राज्यों के हैं। केस के मास्टरमाइंड को एक जून को बिहार से पकड़ा गया था। हिमाचल पुलिस मामले की जांच के बाद 2 चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर चुकी है। पहली चार्जशीट 91 लोगों के खिलाफ और 61 लोगों के खिलाफ दायर की गई है। CJM शिमला कोर्ट में दूसरी चार्जशीट 4 महीने पहले दायर की गई थी।
Next Story