हिमाचल प्रदेश

हिमाचल : हर विधानसभा की बनेगी जल कुंडली, मानसून सत्र से पहले होगी लॉन्चिंग

Tara Tandi
12 Sep 2023 6:06 AM GMT
हिमाचल : हर विधानसभा की बनेगी जल कुंडली, मानसून सत्र से पहले होगी लॉन्चिंग
x
जैसे बच्चे के जन्म के बाद उसकी कुंडली बनती है वैसे ही जल शक्ति विभाग पहली बार हिमाचल के हर विधानसभा क्षेत्र की जल कुंडली (पानी का टिपड़ा) बनाएगा। विधायकों के जरिये इस जल कुंडली को आम जनता भी देख सकेगी। जल कुंडली से लोग जान पाएंगे कि उनके क्षेत्र में भूतकाल में जल स्रोतों और योजनाओं स्थिति क्या थी। क्षेत्र में जनता के लिए पानी उपलब्ध करवाने के लिए कितना बजट और क्या प्रयास हुए थे। पानी की योजनाओं के लिए स्टाफ कितना था और कितने की जरूरत थी।
जल कुंडली में यह रिकॉर्ड भी होगा कि वर्तमान में विधानसभा क्षेत्र पानी की कितनी योजनाएं चल रही हैं। उन पर कितना बजट किस मद से खर्च हो रहा है। दफ्तरों में कितने पद खाली हैं। कितने कर्मचारी दफ्तरों में काम कर रह हैं। किन नई योजनाओं की डीपीआर बनी है या बनानी है। योजनाओं की गुणवत्ता कैसी है। भविष्य में क्षेत्र में कितने और पानी की जरूरत होगी। उसके लिए पेयजल योजनाएं कैसी और किस स्तर की बनेंगी। जल स्रोतों का दोहन कैसे होना चाहिए।
इसलिए जल कुंडली बनाने की पड़ी जरूरत
जल शक्ति विभाग में कामकाज पुराने तरीके से हो रहा है। बैठकों में कई बार समीक्षा के दौरान सामने आया कि कर्मचारियों को अपने ही क्षेत्र की पानी की योजनाओं की पूरी जानकारी नहीं होती है। कर्मचारी एक-दूसरे के पास जानकारी होने का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से बचते हैं। नई योजनाओं की फाइलें भी सिस्टम ठीक न होने से लटक जाती हैं। इसी वजह से तय किया कि हिमाचल के हर विधानसभा क्षेत्र में पानी की योजनाओं और जल स्रोतों की पूरी जानकारी एक बुकलेट में होनी चाहिए जिसका नाम जल कुंडली तय किया गया।
विधानसभा सत्र से पहले लांच होगी जल कुंडली
अगले विधानसभा सत्र से पहले जल शक्ति विभाग हर विधानसभा क्षेत्र की जल कुंडली बना देगा। यह जल कुंडली वर्तमान वित्तीय वर्ष की बनेगी। बुकलेट के आकार में बनी इस जल कुंडली को हर साल अपडेट किया जाएगा। इसमें नई जानकारी को समाहित किया जाएगा।
हर विधानसभा क्षेत्र की बनेगी जल कुंडली : मुकेश
उपमुख्यमंत्री एवं जल शक्ति मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि विभाग में तेज गति से क्रांतिकारी काम हो रहे हैं। जल कुंडली में विधानसभा क्षेत्र की पानी की योजनाओं की पूरी जानकारी होगी। किस विधानसभा क्षेत्र में कितनी योजनाएं काम कर रही हैं। योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट क्या है, सहित अन्य अहम जानकारियां जल कुंडली में होंगी। इससे विभागीय कामकाज में क्रांतिकारी सुधार होगा।
अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करें
Next Story