हिमाचल प्रदेश

हिमाचल सरकार प्रत्येक चिकित्सा खंड में खोलेगी अस्पताल: धनीराम शांडिल

Shantanu Roy
21 Feb 2023 9:26 AM GMT
हिमाचल सरकार प्रत्येक चिकित्सा खंड में खोलेगी अस्पताल: धनीराम शांडिल
x
बड़ी खबर
सोलन। प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक चिकित्सा खंड में अस्पताल स्थापित किए जाएंगे, जहां स्वास्थ्य क्षेत्र के सभी विभागों में विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इन अस्पतालों की क्षमता 50 से 100 बिस्तरों की होगी। प्रदेश में चिकित्सा महाविद्यालय के साथ-साथ धर्मशाला, किन्नौर, बिलासपुर, ऊना, सोलन, मनाली, मंडी और कुल्लू स्थित अस्पतालों में 50 बिस्तरों की क्षमता के क्रिटिकल केयर ब्लॉक स्थापित किए जाएंगे। यह बात स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. धनीराम शांडिल ने बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र में स्वास्थ्य तथा श्रम एवं रोजगार विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतरीन आपातकालीन स्वास्थ्य देखभाल सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। डॉ. धनी राम शांडिल ने कहा कि राज्य में लोगों को अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
जिसमें विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच तथा उपचार शामिल होंगे। इसके दृष्टिगत हमीरपुर, टांडा, शिमला स्थित चिकित्सा महाविद्यालयों और अति-विशिष्ट चिकित्सा संस्थान चम्याणा में विशेषज्ञ रोबोटिक शल्य चिकित्सा सुविधाएं शुरू की जाएंगी। इसके तहत पहले चरण में चम्बा, नाहन और नेरचौक चिकित्सा महाविद्यालयों में रोबोटिक शल्य चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक युक्त स्वास्थ्य देखभाल सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 5जी तकनीक का उपयोग किया जाएगा। वहीं स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों को भरा जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पतालों में सबसे बड़ी समस्या पैरामेडिकल स्टाफ के रिक्त पद हैं। आगामी 15 दिनों में करीब 80 फीसदी पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए उन्होंने वित्त विभाग से बातचीत भी की है। डाॅ. शांडिल ने बताया कि उनका प्रयास रोगियों को अस्पतालों में नि:शुल्क दवाएं उपलब्ध करवाना है। बाजार में दवाएं बहुत महंगी हैं। गरीबों को उच्च गुणवत्ता की दवाएं कैसे सस्ती मिलें इस दिशा में वह काम कर रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कैंसर पीड़ितों के लिए मॉडल कैंसर केयर सैंटर स्थापित किए जाएंगे। इसमें आईजीएमसी में मॉडल कैंसर केयर सैंटर भी शामिल है।
Next Story