हिमाचल प्रदेश

Himachal: श्रद्धालुओं की कार हादसे का शिकार, मासूम की तलाश जारी

Tara Tandi
13 July 2025 12:29 PM IST
Himachal: श्रद्धालुओं की कार हादसे का शिकार, मासूम की तलाश जारी
x
Himachal हिमाचल : शिमला जिले में आज एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जिसमें सत्संग से लौट रहे पंजाब के दो श्रद्धालुओं की कार नदी में गिर गई। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं और एक 10 वर्षीय बच्चा नदी में बहकर लापता हो गया है। यह हादसा चौपाल उपमंडल के नरवा थाना क्षेत्र के झामरडी गांव के पास हुआ, जहां श्रद्धालुओं की एक कार अनियंत्रित होकर सालवी नदी में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह सभी श्रद्धालु पंजाब के नवांशहर जिले से एक धार्मिक सत्संग में शामिल होने शिमला आए थे और लौटते समय यह हादसा हुआ। कार में कुल पांच लोग सवार थे।
-हादसे में दो की मौके पर मौत
मृतकों की पहचान कुमार सुचि और गुरमेल लाल, दोनों निवासी नवांशहर (पंजाब), के रूप में की गई है। वहीं, बलविंदर कौर (35) और केशव कुमार (32) गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें उपचार के लिए नरवा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
-लापता है 10 वर्षीय बालक
कार में बलविंदर कौर का 10 वर्षीय बेटा भी सवार था, जो हादसे के बाद नदी के तेज बहाव में बह गया। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस और राहत दल द्वारा रात भर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अंधेरा और नदी का उफान खोजबीन में बाधा बना रहा। अब तक बच्चे का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
बचाव कार्य जारी
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। लापता बच्चे की तलाश में सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है।
-जांच के घेरे में हादसे के कारण
हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, कार अनियंत्रित होकर फिसली हो सकती है, लेकिन तकनीकी खराबी या चालक की लापरवाही जैसी आशंकाओं की भी जांच की जा रही है।
Next Story