हिमाचल प्रदेश

Hamirpur: गुरु रविदास जयंती पर कलश वंदना, संत रविदास के आदर्शों का स्मरण

Admindelhi1
11 Aug 2026 2:48 PM IST
Hamirpur: गुरु रविदास जयंती पर कलश वंदना, संत रविदास के आदर्शों का स्मरण
x
संत रविदास जयंती पर प्रो. धूमल ने उनके विचारों को किया स्मरण

हमीरपुर: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित किए जा रहे कलश वंदना कार्यक्रम के तहत साेमवार काे जिला भाजपा हमीरपुर की ओर से संत रविदास जी का पावन कलश पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल को उनके आवास पर श्रद्धापूर्वक सौंपा गया। जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह कलश प्रो. धूमल को भेंट किया।

प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने श्रद्धापूर्वक पावन कलश की वंदना की और संत रविदास जी के महान विचारों एवं आदर्शों का स्मरण किया। कलश वंदना के उपरांत पावन कलश को प्रो. धूमल के कुलजा माता मंदिर, अवाहदेवी में विधिवत स्थापित किया गया।

इस अवसर पर प्रो. धूमल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और संदेश के माध्यम से समाज को समानता, सद्भाव, भाईचारे और मानवता का मार्ग दिखाया। उन्होंने सामाजिक भेदभाव और कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाते हुए ऐसे समाज की कल्पना प्रस्तुत की, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान और अधिकार प्राप्त हों।

उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास जी का जीवन और उनके विचार आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाना और उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

प्रो. धूमल ने कहा कि कलश वंदना कार्यक्रम के माध्यम से संत रविदास जी के समानता, सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानव कल्याण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया जा रहा है। यह कार्यक्रम संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Next Story