- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Hamirpur: महिला की मौत...
Hamirpur: महिला की मौत पर हमीरपुर में बवाल, एनएच पर चक्का जाम

हमीरपुर: पुलिस थाना हमीरपुर के तहत आने वाले सासन क्षेत्र में एक नाबालिक युवक की दरिंदगी का शिकार हुई 43 वर्षीय महिला के शव को नेशनल हाईवे पर रखकर ग्रामीणों ने रविवार को चक्का जाम कर दिया । महिला के साथ हुई इस दरिंदगी को ग्रामीण किसी भी सूरत बर्दाश्त करने को तैयार नहीं है। नेशनल हाईवे पर सैकड़ो ग्रामीण एकत्रित हुए हैं तथा शव को मार्ग पर रखकर न्याय की गुहार लगाई जा रही है। इस जघन्य अपराध के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है तथा मृतक महिला को न्याय दिलाने की मांग हो रही है।
ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर महिला के शव को रखकर आरोपी को मौके पर लाने की भी जोरदार मांग उठाई है। ग्रामीणों के इस आक्रोश से नेशनल हाईवे पूरी तरह से जाम हो गया इसके उपरांत पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। हालांकि ग्रामीण पुलिस के आश्वासन को भी अनसुना कर आरोपी को मौके पर लाकर प्रस्तुत करने की मांग कर रहे हैं।
बता दे की 3 नवंबर को शासन क्षेत्र की 43 वर्षीय रंजना कुमारी दोपहर बाद अपने खेतों की तरफ घास लाने के लिए गई हुई थी। इस दौरान एक नाबालिक युवक ने गलत नीयत से महिला के साथ छेड़छाड़ शुरू की तथा विरोध करने पर जानलेवा हमला कर दिया। दराटी और डंडे से महिला के ऊपर कई प्रहार किए गए। बुरी तरह से लहू लुहान महिला को स्थानीय लोगों ने मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया जहां से इसे पीजीआई रेफर किया गया था। वहां पर उपचार के दौरान महिला की मृत्यु हो गई है। वहीं आरोपी को भी गिरफ्तार कर पुलिस ने बाल सुधार गृह भेजा है।
हालांकि इस दिल दहला देने वाले मामले में ग्रामीण न्याय की मांग कर रहे हैं और नेशनल हाईवे 103 जाम कर दिया है।
वहीं मृतक महिला के परिजनों और अन्य रिश्तेदारों से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को स्वयं फोन पर बात करके इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।
मुख्यमंत्री से बात होने के बाद उक्त महिला के परिजनों और गांववासियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
रविवार सुबह धरने की सूचना मिलते ही उपायुक्त अमरजीत सिंह और एसपी भगत सिंह ठाकुर मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने मौके पर ही मोबाइल फोन के माध्यम से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की बात महिला के परिजनों से करवाई।
उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री ने महिला के एक रिश्तेदार रणवीर सिंह से काफी देर तक बात करके इस मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने पुलिस को आरोपी के बारे में कड़ी जांच करने तथा उसके बारे में पूरी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने जिले भर में गश्त बढ़ाने, बच्चों एवं युवाओं में नशे की प्रवृत्ति पर कड़ी नजर रखने तथा स्कूलों में लगातार जागरुकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि इस मामले में मुख्यमंत्री की ओर से जारी कड़े निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना के लिए त्वरित कदम उठाए जा रहे हैं।





