हिमाचल प्रदेश

Hamirpur: युवा कांग्रेस के साथ खड़ी हुई एनएसयूआई

Admindelhi1
26 Feb 2026 7:21 PM IST
Hamirpur: युवा कांग्रेस के साथ खड़ी हुई एनएसयूआई
x

हमीरपुर: एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष टोनी ठाकुर ने वीरवार काे कहा कि एनएसयूआई प्रदेश इकाई युवा कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़ी है और हर स्तर पर उसका समर्थन करेगी। टोनी ठाकुर ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस के कुछ जवान बिना किसी पूर्व सूचना के हिमाचल की सीमाओं के भीतर आए और महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर प्रदेश से बाहर जा रहे थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई की और संबंधित कर्मियों को रोककर उनसे पूछताछ की। इसके लिए उन्होंने हिमाचल पुलिस का आभार जताया।

टोनी ठाकुर ने कहा कि किसी भी बाहरी राज्य की पुलिस को दूसरे राज्य में कार्रवाई करने से पहले स्थानीय प्रशासन को सूचना देना अनिवार्य होता है। बिना सूचना इस प्रकार की कार्रवाई करना निंदनीय है और संघीय ढांचे की भावना के विपरीत है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानू चिब की गिरफ्तारी की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि इंडिया एआई समिट के दौरान शर्टलेस प्रदर्शन के पीछे मास्टरमाइंड बताकर उदय भानू चिब पर कार्रवाई की गई, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था वाले देश में विरोध करना नागरिकों का अधिकार है। विरोध के कारण देशद्रोह जैसे मुकदमे लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2010 में कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान भी विरोध प्रदर्शन हुए थे, लेकिन तब ऐसे गंभीर आरोप नहीं लगाए गए। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई युवा कांग्रेस के हर आंदोलन में साथ खड़ी रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर दिल्ली तक संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगी।

Next Story