- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- राष्ट्रपति के शपथ...
राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए राज्यपाल-मुख्यमंत्री

शिमला। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नई दिल्ली में संसद भवन के सैंट्रल हाल में आयोजित राष्ट्रपति के पदभार ग्रहण समारोह में भाग लिया। उन्होंने इस अवसर पर द्रौपदी मुर्मू को देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति बनने पर बधाई दी। राज्यपाल ने कहा कि उनके नेतृत्व में सर्वोच्च संवैधानिक पद की गरिमा बढ़ेगी तथा उनका मार्गदर्शन सभी को सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में अधिक समर्पण से कार्य करने की प्रेरणा देगा। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि उनके कुशल मार्गदर्शन में देश नई ऊंचाइयां हासिल करेगा। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पहले ही राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह के लिए नई दिल्ली रवाना हो गए थे। मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के साथ भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की परिषद की बैठक में भाग लिया। वह केंद्रीय मंत्रियों से भी मिले तथा हिमाचल प्रदेश के हित से जुड़े मामलों, जैसे मंडी में अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण करना और प्रदेश के लिए बल्क ड्रग फार्मा पार्क स्वीकृत करना आदि को उठाया।
