हिमाचल प्रदेश

देवी देवता के नाम करें सरकार, सरकारी भूमि पर स्थित मंदिरों की भूमि

Gulabi Jagat
14 Aug 2022 4:36 PM GMT
देवी देवता के नाम करें सरकार, सरकारी भूमि पर स्थित मंदिरों की भूमि
x
मंडी, 14 अगस्त : प्रदेश में जिन देवी देवताओं के मंदिर सरकारी भूमि पर बने हुए हैं, उस भूमि को देवता के नाम पर स्वीकृत किया जाए यह मांग रविवार को आयोजित बैठक के दौरान सर्व देवता समिति ने उठाई है। सर्व देवता समिति की बैठक संस्कृति सदन कांगनीधार में देवता समिति के अध्यक्ष शिवपाल शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
समिति का कहना है कि यह मांग पहले भी जिला प्रशासन व सरकार के समक्ष रखी गई थी। परंतु अभी तक उनकी इस मांग पर कोई गौर नहीं किया जा रहा है। समिति ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से इस मांग को जल्द पूरा करने की गुहार लगाई है। वहीं सर्व देवता समिति के जिला अध्यक्ष शिवपाल शर्मा ने कहा कि टेनेंसी एक्ट के तहत जिन देवी देवताओं मंदिरों की भूमि खत्म कर दी गई है। उन देवी देवताओं के मंदिरों को 4-5 बीघा भूमि आवंटित की जाए।
उन्होंने कहा कि इन मंदिरों में श्रद्धालु आते हैं और श्रद्धालुओं को सराय और शौचालय सुविधा से महरूम रहना पड़ता है। सरकार द्वारा देवी देवताओं के कार्यक्रमों पर कई बार अंकुश लगाया जाता है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि देवता समिति की राज्य स्तरीय कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। ताकि राज्यस्तरीय कमेटी देवी देवताओं के कार्यक्रमों का स्वयं निर्णय ले सके।
बैठक से पूर्व सर्व देवता समिति के सभी पदाधिकारियों "भारत माता की जय" के नारों के साथ राष्ट्रीय ध्वज भी फहराया। इस मौके पर जनपद के सर्व देवता समिति व मंदिर कमेटी के विभिन्न पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में सर्व देवता समिति के वरिष्ठ उप प्रधान, बीसी सरोच, मोहन लाल सहित अन्य भी मौजूद रहे।



Source: mbmnewsnetwork.com





Next Story