- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- आजादी के 75वें अमृत...
हिमाचल प्रदेश
आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के मौके पर खुली सरकारी पिटारी, पपालमपुर में 42 और कांगड़ा विस में 53 करोड़ के उद्घाटन शिलान्यास
Renuka Sahu
14 Sep 2022 5:27 AM GMT
![Government box opened on the occasion of 75th Amrit Mahotsav of Independence, 42 in Papalampur and 53 crore in Kangra Vis. Government box opened on the occasion of 75th Amrit Mahotsav of Independence, 42 in Papalampur and 53 crore in Kangra Vis.](https://jantaserishta.com/h-upload/2022/09/14/2002984--75-42-53-.webp)
x
न्यूज़ क्रेडिट : divyahimachal.com
आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पालमपुर में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश का स्थायी बेंच स्थापित करने की घोषणा की है।
जनता से रिश्ता वेबडेस्क। आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पालमपुर में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश का स्थायी बेंच स्थापित करने की घोषणा की है। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पालमपुर में 42 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन शिलान्यास किए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पालमपुर के नए खंड विकास कार्यालय का लोकार्पण भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि डा. वाईएस परमार, रामलाल ठाकुर, शांता कुमार, वीरभद्र सिंह और प्रेम कुमार धूमल सहित सभी मुख्यमंत्रियों ने राज्य के विकास में अपना बहुमूल्य योगदान दिया है। प्रदेश के अभूतपूर्व विकास का सबसे बड़ा श्रेय प्रदेश की मेहनतकश और ईमानदार जनता को जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के हर राज्य में अब बारी-बारी दो राजनीतिक दलों के आने का रिवाज बदल गया है। उत्तर प्रदेश में बरसों बाद यह क्रम टूटा है। वहीं, हरियाणा, मणिपुर, गोवा गुजरात के बाद अब हिमाचल में भी कांग्रेस का भ्रम टूटेगा। उन्होंने अन्य प्रदेशों से कांग्रेस के मुख्यमंत्री हिमाचल आकर महिलाओं को 1500-1500 रुपए हर महीने देने की बात कर रहे हैं, लेकिन वे अपने राज्य में इस स्कीम को लागू क्यों नहीं करते। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस खराब दौर से गुजर रही है। जहां कांग्रेस की अपनी कोई गारंटी नहीं है, तब वह लोगों को किस बात की गारंटी देने की बात कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतमाला योजना के अंतर्गत 1200 करोड़ के रोप-वे प्रोजेक्ट हिमाचल को प्रदान किए गए हैं, जिसमें 600 करोड़ का बड़ा प्रोजेक्ट पालमपुर के लिए मिला है। इस प्रोजेक्ट से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। (एचडीएम)
कांंग्रेस नेता अपना इतिहास देखें और हमारा मार्गदर्शन बंद करें। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पालमपुर में पत्रकारों से रू-ब-रू होते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम तो बहुत कम घोषणाएं कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस के लोग जाते-जाते सात डिग्री कालेज खोल कर गए थे। जो शिलान्यास हमने किए हैं, उनका उद्घाटन करना हमारा हक बनता है। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को पता है कि उनकी जमीन देश में तो बची नहीं, अब प्रदेश में भी नहीं बचेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने अपने जन्मदिन पर प्रदेश में भाजपा के पुन: सत्ता संभालने का तोहफा मांगा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शांता कुमार को यह तोहफा जरूर देंगे। पहली बार मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता का धन्यवाद करने उनके बीच पहुंच रहा है, ऐसी बातों को लेकर कांग्रेस नेताओं में बौखलाहट है।
हिमाचल में इस बार भाजपा ही रिपीट करेगी
पालमपुर – पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने आजादी के 75 वर्ष पर आयोजित अमृत महोत्सव समारोह में संबोधित करते हुए दावा किया कि हिमाचल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार फिर से रिपीट हो रही है। जयराम सरकार की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले पांच वर्षों में शानदार कार्य किया है तथा अगले पांच वर्षों में हिमाचल प्रदेश में कोई भी व्यक्ति गरीबी रेखा से नीचे नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि यह गौरव का विषय है कि हिमाचल निवासी जगत प्रकाश नड्डा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के अध्यक्ष हैं। इसके अतिरिक्त हिमाचल के अनुराग ठाकुर केंद्रीय मंत्री के रूप में शानदार कार्य को अंजाम दे रहे हैं। 75 वर्षों में ऐसा पहली बार हुआ है। एक छोटे से प्रदेश के नेताओं को केंद्र में बड़ी जिम्मेदारियां दी गई है। इसका लाभ हिमाचल प्रदेश को उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल आगे बढ़ रहा है। उधर, आजादी के 75 में अमृत महोत्सव में महिला शक्ति की भारी भीड़ देखकर मुख्यमंत्री गदगद हो उठे। बता दें कि शहीद विक्रम बत्रा मैदान मे भारी संख्या में लोग मुख्यमंत्री के भाषण को सुनने के लिए पधारे थे। कुर्सियों न मिलने पर लोग जमीन पर ही बैठ गए।
जो भी मांगा, मुख्यमंत्री ने वह सब दिया
पालमपुर – हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर ने मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के चहुंमुखी विकास को प्राथमिकता देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कार्यान्वित की जा रही करोड़ों रुपए की परियोजनाएं यहां जारी अतुलनीय विकास की प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कांग्रेसी विधायक इन विकास कार्यों का झूठा श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं। कपूर ने कहा कि पालमपुर में भाजपा का विधायक न होने के बावजूद मुख्यमंत्री ने यहां विकास में कमी नहीं आने दी। उन्होंने मुख्यमंत्री से जो मांगा उनको मिला। कुल मिलाकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर त्रिलोक कपूर की हर मांग पर मोहर लगाकर उनके कद को और ऊंचा कर गए। इस अवसर पर विधायक रविंद्र धीमान, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष डा. राजीव भारद्वाज, कर्मचारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष घनश्याम शर्मा, पूर्व विधायक प्रवीण शर्मा, उपायुक्त कांगड़ा डा. निपुण जिंदल, पुलिस अधीक्षक डा. खुशाल शर्मा और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
कांगड़ा में जलशक्ति विभाग का नया मंडल खोलने की घोषणा
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यहां जल शक्ति विभाग का मंडलीय कार्यालय खोलने का ऐलान किया है। इस मौके पर उन्होंने कांगड़ा के मटौर में आजादी के अमृत महोत्सव में विधानसभा क्षेत्र कांगड़ा की 53 करोड़ रुपए की लागत की 23 योजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए। इस मौका पर कांगड़ा के नागरिक अस्पताल को 100 बिस्तरों का दर्जा देने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा भाजपा बदले की भावना से कार्य नहीं करती। उसका अच्छा संदेश गया है, इसलिए रिवाज बदलना तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा का तंबू कायम है, जबकि कांग्रेस का तंबू उखड़ चुका है। इसलिए वह लोगों को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश में खत्म हो रही है।
उन्होंने कहा भाजपा देश ही नहीं, दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है और भाजपा देश प्रदेश ही नहीं देश का भी भविष्य है। उन्होंने कहा अब रास्ते मिले हैं कांगड़ा के विकास के लिए भी तीव्रता से कार्य होगा। हिमाचल की प्रगति हो इसी मकसद के साथ ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस मौके पर विधायक पवन काजल ने जो भी मांगे मुख्यमंत्री के समक्ष रखी उनका ऐलान उन्होंने कर दिया। 'प्रगतिशील हिमाचल: स्थापना के 75 वर्ष' कार्यक्रम के तहत पुराना मटौर में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दल के प्रमुख नेता अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो रहे हैं और यह इस बात का संकेत है कि अब लोगों का विपक्षी दल से विश्वास उठ गया है और वर्तमान प्रदेश सरकार फिर से सत्ता में आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 75 वर्षों के दौरान हिमाचल प्रदेश ने सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के गठन के समय साक्षरता दर जो केवल 4.8 प्रतिशत थी, वह पिछली जनगणना के अनुसार 83 प्रतिशत हो गई है। राज्य में सडक़ों की लंबाई 288 से बढक़र अब लगभग 39.500 किलोमीटर हो गई है।
पुराना मटौर में लगी घोषणाओं की झड़ी
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कांगड़ा में जलशक्ति विभाग का नया मंडल खोलने की घोषणा के अलावा भडयाड़ा में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खोलने, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मटौर में साइंस ब्लॉक के निर्माण, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बौड़क्वालू में विज्ञान कक्षाएं शुरू करने और वीरता में वाणिज्य संकाय की कक्षाएं आरंभ करने की भी घोषणा की। जयराम ठाकुर ने आवश्यक मानक पूर्ण करने पर राजकीय स्नातक महाविद्यालय मटौर में विज्ञान कक्षाएं शुरू करने, रानीताल में नई उपतहसील खोलने, रानीताल में नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तकीपुर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने, सोहड़ा में नया पशु चिकित्सालय खोलने, ग्राम पंचायत राजोल में स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंन्द्र में स्तरोन्नत करने तथा स्वास्थ्य उप केंद्र गाहलियां को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने की भी घोषणा की।
Next Story