हिमाचल प्रदेश

आज से चुनावी हसरतों का बजट सत्र, राज्यपाल के अभिभाषण के साथ होगी सत्र की शुरुआत

Sarita
23 Feb 2022 8:18 AM IST
आज से चुनावी हसरतों का बजट सत्र, राज्यपाल के अभिभाषण के साथ होगी सत्र की शुरुआत
x

फाइल फोटो 

हिमाचल में चुनावी हसरतों वाला बजट सत्र बुधवार से शुरू हो रहा है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। हिमाचल में चुनावी हसरतों वाला बजट सत्र बुधवार से शुरू हो रहा है। सुबह 11 बजे राज्यपाल के अभिभाषण के साथ सत्र की शुरुआत होगी। यह तेरहवीं विधानसभा का 14वां सत्र होगा, जिसमें कुल 16 बैठकें होंगी। चार मार्च को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इसमें बजट पेश करेंगे। यह वर्तमान सरकार का आखिरी बजट होगा। यही कारण है कि चुनावी साल की छाप इस सत्र में रहेगी। बजट सत्र के लिए सत्तारुढ़ भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस ने कमर कस ली है। दोनों विधायक दलों की बैठक मंगलवार शाम को हो गई है। हालांकि दोनों के तेवर गुरुवार से ही देखने को मिलेंगे, क्योंकि पहला दिन राज्यपाल अभिभाषण का है। पिछले साल राज्यपाल अभिभाषण के दिन भी टकराव हुआ था। हालांकि इस साल यह आशंका नहीं है, लेकिन इस सत्र में कर्मचारियों के मसले छाए रहने की उम्मीद है। इसकी एक वजह यह है कि पे-कमीशन देने के बाद यह सत्र हो रहा है और ओल्ड पेंशन, आउटसोर्स और एसएमसी जैसे मसले अभी अनसुलझे हैं। ऐसे में सदन के बाहर और भीतर इस बारे में चर्चाएं होंगी। चुनावी वर्ष में विधानसभा के घेराव के कार्यक्रम भी ज्यादा हैं।

साथ ही चुनावी साल में बजट के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर चौंका भी सकते हैं। सरकार की कोशिश होगी कि हर वर्ग को खुश किया जाए। लेकिन वर्तमान वित्तीय स्थिति के हिसाब से क्या किया जा सकता है, यह बड़ा सवाल होगा। इस बार कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति का असर सदन के भीतर भी दिखेगा। मुकेश अग्निहोत्री के नेता प्रतिपक्ष रहते कांग्रेस विधायक दल सदन के भीतर आक्रामक रहा है, लेकिन कांग्रेस के भीतर नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश अध्यक्ष के पदों पर बदलावों की चर्चा को देखते हुए इसका असर सदन के भीतर भी दिखने की आशंका है। सत्र में सुबह 11 बजे राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर अभिभाषण पेश करेंगे। 24 फरवरी, 2022 को सदन में शोकोद्गार प्रस्तुत किए जाएंगे, जबकि 26 फरवरी तथा पांच मार्च को शनिवार के दिन भी सत्र का आयोजन किया जाएगा। चार मार्च, 2022 को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर वित्तीय वर्ष 2022-2023 के लिए बजट अनुमानों को सदन में प्रस्तुत करेंगे। सत्र के दौरान तीन मार्च तथा 10 मार्च गैर सरकारी कार्य दिवस हांेगे।
Next Story