हिमाचल प्रदेश

भाजपा के पूर्व प्रदेश सचिव एवं अधिवक्ता जय सिंह ने घेरी प्रदेश सरकार

Shreya
12 Aug 2023 7:23 AM GMT
भाजपा के पूर्व प्रदेश सचिव एवं अधिवक्ता जय सिंह ने घेरी प्रदेश सरकार
x
पूर्व प्रदेश सचिव एवं अधिवक्ता जय सिंह ने प्रदेश सरकार घेरी

चंबा: भाजपा के पूर्व प्रदेश सचिव एवं अधिवक्ता जय सिंह ने कहा कि वर्तमान कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने सांसद के रूप में कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्त्व करते हुए जिला चंबा के लोगों के साथ छल किया है। उन्होंने जिले के लोगों के अधिकार की धनराशि को अपनी शक्तियों का दुरुपयोग करके जवाली विधानसभा क्षेत्र में खर्च किया है, जोकि असहनीय है। वह शुक्रवार को मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। जय सिंह ने कहा कि लाडा की धनराशि नियमानुसार जिला चंबा के अलावा अन्य किसी भी जिले में व्यय नहीं हो सकती थी, लेकिन तत्कालीन सांसद चंद्र कुमार द्वारा इस धनराशि को जवाली विधानसभा क्षेत्र के विकास पर खर्च किया गया है। यदि उन्हें जवाली विधानसभा क्षेत्र का विकास करवाना था तो सांसद निधि का पैसा क्यों खर्च नहीं किया।

जय सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर चंद्र कुमार का चंबा आने पर विरोध नहीं किया जाएगा। इसके उपरांत वे जब भी जिला चंबा में आएंगे तो उन्हें जिले में प्रवेश करने से रोका जाएगा। इस दौरान जय सिंह प्रदेश के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के विरुद्ध भी जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तथा उपमुख्यमंत्री अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले में मौज मस्ती करने तो चंबा आए, लेकिन चंबा जिला के लोगों की समस्याओं को सुनना तक जरूरी नहीं समझा। उन्होंने कहा कि चुनावी वादे पूरा न कर पाने के कारण अब सरकार के नुमाइंदे लोगों का सामना नहीं कर पा रहे हैं।

Next Story