हिमाचल प्रदेश

वनकाटुओं पर एफआईआर, रूपानी जंगली में काटे देवदार के 6 पेड़

Gulabi Jagat
6 Dec 2022 12:45 PM GMT
वनकाटुओं पर एफआईआर, रूपानी जंगली में काटे देवदार के 6 पेड़
x
चम्बा। हिमाचल प्रदेश के जंगलों में वनकाटुओं ने आतंक मचा रखा है। जगह-जगह से पेड़ काटे जाने की खबरें सामने आ रही हैं। अब जंगल में पेड़ काटे जाने का ताजा मामला जिला चम्बा में सामने आया है। चम्बा जिले में वनकाटुओं ने देवदार के पेड़ काट डाले हैं। चम्बा के रूपानी जंगल में वनकाटुओं ने देवदार के 6 पेड़ों पर कुल्हाड़ी चला दी है। इसको लेकर वन विभाग ने पुलिस के पास एफआईआर भी दर्ज करवाई है।
बताया जा रहा है कि चम्बा के रूपानी जंगल में देवदार के पेड़ों के कटने का खुलासा उस वक्त हुआ है, जब वन विभाग की टीम जंगल में गश्त कर रही थी। रूपानी जंगल में गश्त के दौरान टीम को देवदार के कटे हुए छह पेड़ मिले हैं। टीम ने लकड़ी तस्करों का पता लगाने के लिए जंगल में सर्च अभियान भी चलाया, लेकिन वनकाटुओं का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
रूपानी में देवदार के पेड़ कटे मिलने के बाद गश्ती टीम ने उच्चाधिकारियो को दी और साथ ही इसकी शिकायत पुलिस थाने में भी दर्ज करवाई। विभागीय टीम लकड़ी तस्करों का पता लगाने के लिए संबंधित क्षेत्र के लोगों से भी संपर्क कर रही है। विभाग अपने स्तर पर यह भी जांच कर रहा है कि पेड़ हाल ही में काटे गए हैं या काफी समय पहले काटे गए हैं।
वनमंडल अधिकारी चम्बा अमित शर्मा (DFO Chamba) ने बताया कि रूपानी जंगल में लकड़ी तस्करों ने देवदार के 6 पेड़ों को काटा है। इसको लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी गई है। तस्करों का पता लगाया जा रहा है। वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले आरोपियों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। वन विभाग और पुलिस मिलकर कार्रवाई को अंजाम देंगे।
Next Story