हिमाचल प्रदेश

25 वर्षीय बेटी को बचाने अकेले खूंखार तेंदुआ से भिड़ गया पिता, ऐसे बचाई जान

Deepa Sahu
23 Nov 2021 8:40 AM GMT
25 वर्षीय बेटी को बचाने अकेले खूंखार तेंदुआ से भिड़ गया पिता, ऐसे बचाई जान
x
हिमाचल प्रदेश के‍ जिला सोलन में घर के पास से तेंदुआ एक लड़की को उठा ले गया।

Himachal Leopard Attacks, सोलन, हिमाचल प्रदेश के‍ जिला सोलन में घर के पास से तेंदुआ एक लड़की को उठा ले गया। पिता ने तेंदुए को देख लिया व अपनी जान की परवाह न करते हुए खूंखार जानवर से अकेले ही भिड़ गया। घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर पीछा करते हुए व्‍यक्ति ने तेंदुए को रोक लिया व डंडे और पत्‍थरों से उस पर हमला कर बेटी को उसके चंगुल से छुड़ा लिया। इसके बाद पिता व पुत्री दोनों के शोर मचाने और पत्‍थर मारने पर तेंदुआ वहां से भाग गया।

सोलन जिला में कसौली क्षेत्र के तहत जाबली पंचायत में सोमवार देर शाम यह मामला पेश आया। सूजी गांव में 25 वर्ष की युवती को तेंदुआ घर के पास से उठाकर ले गया। घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर युवती के पिता ने पत्थर व डंडों से बेटी को खूंखार जानवर के चंगुल से छुड़ाया।
शाम को करीब सात बजे पूजा अपने घर के बाहर बने शौचालय के लिए निकली थी। इस दौरान घर के आंगन में तेंदुआ पहले से ही हमले की फ‍िराक में बैठा था। मौका पाते ही खूंखार जानवर लड़की को आंगन से उठा ले गया। शोर मचाने पर लड़की के पिता खेम राज बाहर निकले और तेंदुए का पीछा करने लगे। खेमराज ने पत्थर व डंडों से तेंदुए पर हमला किया। अपनी जान दांव पर लगाकर पिता ने बड़ी मुश्किल से बेटी को बचाया। यदि खेमराज समय पर बाहर नहीं निकलते तो तेंदुआ लड़की काे अपना शिकार बना देता।
हैरानी की बात है कि इस घटना के करीब आधे घंटे बाद तेंदुआ फिर से खेमराज के आंगन में वापस पहुंच गया। इस दौरान ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से तेंदुए को पत्थर व डंडों से भगाया। बताया जा रहा है कि कई दिनों से गढ़खल, कसौली व सूची गांव के आसपास नर व मादा तेंदुए बच्‍चों सहित घूम रहे हैं। ग्रामीणों ने तेंदुए का पूरा परिवार क्षेत्र में देखा है। इसके बाद अब पूरा क्षेत्र दहशत में है। जाबली पंचायत की प्रधान कल्पना ने बताया इस घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है व वन विभाग के अधिकारियों द्वारा तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


Next Story