हिमाचल प्रदेश

आपदा में फल-सब्जियां मंडियों तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं किसान-बागवान: जयराम

Shantanu Roy
19 July 2023 9:37 AM GMT
आपदा में फल-सब्जियां मंडियों तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं किसान-बागवान: जयराम
x
शिमला। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि आपदा में किसान व बागवान अपने फल एवं सब्जियों को मंडियों तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे हैं कि कई प्रभावित क्षेत्रों तक अब तक राहत नहीं पहुंची है और लोग 10 दिन बाद भी बारिश का पानी पीकर गुजारा कर रहे हैं। जयराम ठाकुर ने यहां जारी बयान में कहा कि भाजपा राहत एवं पुनर्वास कार्य में सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है, ऐसे में राज्य सरकार को प्रभावितों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई बागवानों के बगीचों को भारी नुक्सान हुआ है तथा किसानों की खड़ी फसलें खेतों में बर्बाद हो गई हैं।
इसके अतिरिक्त जो फसलें बची हैं। वे सड़कें खराब होने के कारण मंडियों तक नहीं पहुंच पा रही हैं, जिससे किसान-बागवानों को नुक्सान उठाना पड़ रहा हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बिना बिजली, पानी, संचार और चिकित्सा सुविधाओं के लोग परेशान हैं। बागवान सेब को मंडियों तक नहीं पहुुंचा पा रहे हैं, जिसकी मंत्री, कांग्रेस विधायक व नेता भी आलोचना कर रहे हैं, ऐसे में सरकार को चाहिए कि वह बागवानों के हितों को ध्यान में रखकर रास्ता निकाले, जिससे उनकी परेशानी को कम किया जा सके। उन्होंने मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों से आग्रह किया कि सरकार हर बाढ़ प्रभावित तक जल्दी से पहुंचे और उनको मदद उपलब्ध करवाए।
Next Story