हिमाचल प्रदेश

मंडी में मछली पालन को बढ़ावा देने पर जोर, भीम देव और पुन्नी देवी सम्मानित

Admindelhi1
22 Nov 2026 1:33 PM IST
मंडी में मछली पालन को बढ़ावा देने पर जोर, भीम देव और पुन्नी देवी सम्मानित
x
जलस्रोतों की सफाई से लेकर आधुनिक मत्स्य पालन तक, मंडी में जागरूकता कार्यक्रम

मंडी: विश्व मत्स्य दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के मंडी में मत्स्य विभाग की ओर से विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। जिला परिषद मंडी के सभागार में हुए कार्यक्रम में मत्स्य पालकों, मछुआरों और स्वयंसेवी संगठनों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य आधुनिक मत्स्य पालन को बढ़ावा देना और युवाओं व महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर विकसित करना था।

कार्यक्रम में सहायक निदेशक मत्स्य नीतू सिंह, वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी ऋचा गुप्ता और मत्स्य उप निरीक्षक मुकेश कुमार ने तकनीकी सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को आधुनिक मत्स्य पालन, शीतजल मत्स्य विकास, बायोफ्लॉक तकनीक और सतत मत्स्य प्रबंधन की जानकारी दी।

इस दौरान कटौला के भीम देव को सर्वश्रेष्ठ उभरते ट्राउट मत्स्य पालक और जोगिंदरनगर की पुन्नी देवी को सर्वश्रेष्ठ महिला उद्यमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जल निकायों के संरक्षण और स्वच्छता अभियान की जानकारी भी साझा की गई। 20 सितंबर से 20 अक्टूबर 2026 तक जिले में जलस्रोतों की सफाई और जलीय जीवों के संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया गया था।

इस अभियान के तहत स्वयंसेवकों ने नदियों और जलस्रोतों के आसपास सफाई की तथा सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता फैलाई। इसका संदेश था—जल निकायों को स्वच्छ बनाएं, जलीय जीवों को बचाएं।

Next Story