- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- पांवटा साहिब में...
पांवटा साहिब में दुर्गा वाहिनी ने निभाई शस्त्र पूजन की परंपरा

नाहन: विश्व हिंदू परिषद के महिला विभाग दुर्गा वाहिनी एवं मातृशक्ति जिला सिरमौर की ओर से शनिवार को पांवटा साहिब में सामूहिक शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों और मातृशक्ति की सदस्यों ने सनातनी परंपरा के अनुसार विधि-विधान से शस्त्रों का पूजन किया।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद हिमाचल प्रदेश प्रांत के मंदिर एवं अर्चक-पुरोहित संपर्क प्रमुख तथा दुर्गा वाहिनी के पालक अधिकारी दीपक भंडारी ने कहा कि मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी की ओर से दुर्गा अष्टमी से सामूहिक शस्त्र पूजन कार्यक्रम की शुरुआत की जाती है। ये कार्यक्रम प्रांत, जिला, प्रखंड, नगर, ग्राम और वार्ड स्तर पर आयोजित किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में घरों और परिवारों में रखे पैतृक एवं नए शस्त्रों को विधि-विधान से स्वच्छ कर उनका पूजन करने की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से संगठन की ओर से विभिन्न स्तरों पर शस्त्र पूजन और त्रिशूल दीक्षा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम में जिला संयोजिका सीमा देवी ने मातृशक्ति की सदस्यों के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की और संगठन की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। इसके बाद उपस्थित महिलाओं ने मां दुर्गा के भजनों का गुणगान किया। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ।





