हिमाचल प्रदेश

हिमाचल में सूखी ठंड का कहर, माइनस 4.6 डिग्री पहुंचा पारा

Admindelhi1
22 Nov 2026 4:40 PM IST
हिमाचल में सूखी ठंड का कहर, माइनस 4.6 डिग्री पहुंचा पारा
x
हिमाचल में बढ़ी ठिठुरन, 28 नवंबर तक बारिश-बर्फबारी के आसार नहीं

शिमला: हिमाचल प्रदेश में सूखी ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। जनजातीय क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है, जबकि मैदानी इलाकों में घने कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रविवार सुबह मंडी जिले के सुंदरनगर में कोहरे के कारण दृश्यता घटकर महज 70 मीटर रह गई, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार, लाहौल-स्पीति का ताबो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुकुमसेरी में माइनस 2.4 और केलांग में माइनस 0.4 डिग्री तापमान रहा।

किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री, मनाली में 3.4 डिग्री और सुंदरनगर में 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी शिमला में पारा 7.5 डिग्री रहा, जबकि पांवटा साहिब में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की गिरावट आई है। पालमपुर, नाहन, बिलासपुर और चंबा में तापमान सामान्य से नीचे रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 28 नवंबर तक प्रदेश में बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। नवंबर में अब तक सामान्य से 70 फीसदी कम बारिश हुई है। दिन में धूप राहत दे रही है, लेकिन सुबह और शाम ठंड का असर बढ़ रहा है।

Next Story