हिमाचल प्रदेश

अलमारी के पीछे से बरामद हुआ चिट्टा, एक आरोपी गिरफ्तार

Admindelhi1
26 Oct 2026 1:03 PM IST
अलमारी के पीछे से बरामद हुआ चिट्टा, एक आरोपी गिरफ्तार
x
पुलिस की तलाशी में खुला राज, अलमारी के पीछे छिपा था चिट्टा

शिमला: शिमला शहर के सदर थाना अंतर्गत पड़ेची क्षेत्र में एक आवासीय कमरे की अलमारी में छिपाकर रखा गया करीब 16 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ है। शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर रविवार शाम कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार टीम ने पड़ेची में एक आवासीय कमरे की नियमानुसार तलाशी ली। इस दौरान लकड़ी की अलमारी के ऊपरी खाने में रखे दो डिब्बों के पीछे एक पारदर्शी प्लास्टिक पाउच मिला। इसमें करीब 16 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।

मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक ठाकुर पुत्र ध्यान सिंह ठाकुर निवासी पड़ेची जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस थाना सदर शिमला में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है। पुलिस बरामद नशीले पदार्थ के संबंध में आगे की जानकारी जुटा रही है।

Next Story