हिमाचल प्रदेश

सिरमौर में चिट्टा तस्करी का खुलासा, दो मामलों में तीन आरोपी दबोचे

Admindelhi1
23 Nov 2026 11:25 AM IST
सिरमौर में चिट्टा तस्करी का खुलासा, दो मामलों में तीन आरोपी दबोचे
x
पुलिस की गश्त में पकड़े गए तीन युवक, 6.55 ग्राम चिट्टा बरामद

नाहन: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 6.55 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर को पांवटा साहिब पुलिस की टीम कुंजा मतरालियों के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक चिट्टा बेचने का काम करते हैं और पांवटा साहिब से रामपुरघाट की ओर आ रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजय शर्मा निवासी गांव सियांरी और मदन सिंह निवासी गांव वसोग, जिला सिरमौर को रोका। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 2.57 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

दूसरी कार्रवाई गीता भवन मंदिर के पास पाल जूस कॉर्नर के नजदीक की गई। यहां गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक स्मैक लेकर एमसी पार्क के मुख्य गेट से पार्क की ओर आ रहा है।

पुलिस ने सूचना के आधार पर युवक को रोककर तलाशी ली। आरोपी की पहचान आरिफ उर्फ बिलाल निवासी मटकमाजरी, विकासनगर, जिला देहरादून (उत्तराखंड) के रूप में हुई। उसके कब्जे से 3.98 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।

पुलिस ने आरिफ उर्फ बिलाल को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

दोनों मामलों में पुलिस ने कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब नशीले पदार्थों की बरामदगी से जुड़े मामलों की आगे की जांच कर रही है।

Next Story