- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- हमीरपुर मेडिकल कॉलेज...
हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर का कमाल, जटिल ऑपरेशन से बची जान

मंडी: हिमाचल प्रदेश के सरकाघाट निवासी एक व्यक्ति की जान उस समय खतरे में पड़ गई, जब रिश्तेदारी में समारोह के दौरान कोल्ड ड्रिंक पीते हुए उसके गले में कांच का नुकीला टुकड़ा फंस गया। परिजन उसे पहले सरकाघाट अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर स्थिति देखते हुए हमीरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज में डॉ. पूर्णिमा पटयाल ने मरीज की जांच की। एक्स-रे में कांच का टुकड़ा दिखाई नहीं देने पर उन्होंने एंडोस्कोपी कराने का निर्णय लिया। जांच में पता चला कि करीब 4 से 5 सेंटीमीटर लंबा नुकीला कांच का टुकड़ा मरीज की खाने की नली में फंसा हुआ है।
डॉक्टरों ने एंडोस्कोपी की मदद से कांच का टुकड़ा सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया और मरीज की जान बच गई। डॉ. पूर्णिमा के अनुसार, समय पर उपचार नहीं मिलने पर कांच का टुकड़ा गंभीर नुकसान पहुंचा सकता था।
मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. देशराज शर्मा ने भी बताया कि एंडोस्कोपी के जरिए कांच का टुकड़ा निकालकर मरीज को राहत दी गई। इस जटिल मामले में डॉक्टर की तत्परता और सूझबूझ की सोशल मीडिया पर सराहना हो रही है।





