- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Dharamshala: छात्रों...

धर्मशाला: धर्मशाला के तपोवन में शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन राजकीय कन्या उच्च विद्यालय सिहुन्ता, भटियात के छात्र-छात्राओं ने तपोवन विधान सभा में सदन की कार्यवाही को देखा। गौरतलब है कि ये स्कूली बच्चे विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के निर्वाचन क्षेत्र से सम्बन्ध रखते हैं। सदन की कार्यवाही देखने से पूर्व इन छात्र छात्राओं ने विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात की। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी छात्र छात्राओं को सदन में वीरवार को होने वाली कार्यवाही तथा देश की लोकतान्त्रिक प्रणाली से अवगत करवाया।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों से संवाद करते हुए पठानिया ने कहा कि विधान सभा तथा लोकसभा लोकतंत्र के सबसे बड़े मन्दिर है जहाँ महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होती है, विपक्ष सरकार से प्रश्न पूछता है तथा सत्ता पक्ष को उसका जवाब देना होता है। पठानिया ने कहा कि प्रदेश तथा देश का कानून बनाने तथा पारित करने का अधिकार केवल विधान सभा तथा लोक सभा को है।
पठानिया ने कहा कि हमारे देश का संविधान सर्वोच्च है, यह ही हमें शक्तियों का नियमानुसार उपयोग करने की इजाजत देता है। पठानिया ने कहा कि हमारे देश का संघीय ढांचा बहुत मजबूत है तथा आजादी से लेकर आजतक हमारा लोकतंत्र मजबूत हुआ है। पठानिया ने कहा कि जिस तरह आज के युवा सदन की कार्यवाही देखने आ रहे हैं तथा रुचि ले रहे हैं यह मजबूत लोकतंत्र की ओर इशारा करता है। उन्होंने कहा कि आज के युवा को लोकतान्त्रिक प्रणाली में रूचि लेनी चाहिए तथा इसको मजबूती प्रदान करने का भागीदार बनना चाहिए।





