हिमाचल प्रदेश

Dharamshala: अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी नूरपुर की समीक्षा बैठक, दिए सख्त निर्देश

Admindelhi1
12 Jun 2026 11:57 AM IST
Dharamshala: अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी नूरपुर की समीक्षा बैठक, दिए सख्त निर्देश
x

धर्मशाला: पुलिस जिला नूरपुर के तहत पुलिस थाना फतेहपुर में पुलिस अधीक्षक नूरपुर की अध्यक्षता में वीरवार को जिला स्तरीय मासिक अपराध समीक्षा और पुलिस कल्याण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिला के समस्त एसडीपीओ, थाना प्रभारियों, पुलिस चौकी प्रभारियों और मुख्य लिपिक ने भाग लिया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नूरपुर ने हाल ही में संपन्न हुए पंचायती राज चुनावों को पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कानून-व्यवस्था के साथ संपन्न कराने के लिए समस्त पुलिस जिला स्टाफ के सामूहिक प्रयासों की सराहना की और पूरी टीम की पीठ थपथपाई।

बैठक में लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण, अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने, एनडीपीएस मामलों में वित्तीय जांच तेज करने और अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में अपराध समीक्षा के साथ एसपी नूरपुर द्वारा जवानों की समस्याओं को सुना गया तथा उनके कल्याण व कार्यस्थल की स्थितियों में सुधार हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।

उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस कर्मियों का सम्मान: ड्यूटी के प्रति विशेष समर्पण दिखाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया, जिसमें 13 सीसीटीएनएस ऑपरेटर्स को उनकी उत्कृष्ट तकनीकी सेवाओं के लिए सीसी 3 सर्टिफिकेट प्रदान किया गया।

मई महीने के शानदार प्रदर्शन के लिए 5 कर्मचारियों को एम्प्लॉई ऑफ द मंथ चुना गया, जिसमें एएसआई विक्की राज (प्रभारी, पुलिस चौकी ढांगूपीर) को सर्वश्रेष्ठ जांच अधिकारी, एएसआई धर्म सिंह (पुलिस थाना रेहन) व कांस्टेबल साहिल (पुलिस थाना फतेहपुर) को सर्वश्रेष्ठ कानून-व्यवस्था ड्यूटी, कांस्टेबल विशाल (पुलिस थाना इंदौरा) को सर्वश्रेष्ठ तकनीकी सहायता तथा कांस्टेबल यशपाल सिंह (एसडीपीओ कार्यालय इंदौरा) को विशेष सराहनीय सेवा के लिए सम्मानित किया गया।

Next Story