हिमाचल प्रदेश

Dharamshala: राष्ट्रहित से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: विपिन परमार

Admindelhi1
23 Feb 2026 6:50 PM IST
Dharamshala: राष्ट्रहित से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: विपिन परमार
x

धर्मशाला: प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं विधायक विपिन सिंह परमार ने एआई समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन को लोकतांत्रिक विरोध नहीं, बल्कि “राष्ट्र की प्रतिष्ठा पर सुनियोजित हमला” करार दिया है। उन्होंने कहा कि जिस मंच से भारत विश्व को अपनी तकनीकी शक्ति, डिजिटल क्रांति और आत्मनिर्भरता का संदेश दे रहा था, उसे कांग्रेस ने अपनी हताश और विफल राजनीति का अखाड़ा बना दिया।

सोमवार को जारी एक प्रेस बयान में विपिन परमार ने कहा कि एआई समिट किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं था, बल्कि भारत की सामर्थ्य और भविष्य का प्रदर्शन था। यह आयोजन उस समय हुआ जब विश्व भारत की ओर आशा और विश्वास से देख रहा है। ऐसे अवसर पर कांग्रेस का अमर्यादित और अराजक आचरण यह साबित करता है कि वह सत्ता से बाहर होकर बौखला चुकी है।

उन्होंने कहा कि आज भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्व मंच पर एक निर्णायक और प्रभावशाली ग्लोबल लीडर के रूप में स्वीकार किया जा चुका है। जी-20 से लेकर वैश्विक आर्थिक और तकनीकी मंचों तक भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा प्रधानमंत्री के नेतृत्व की देन है। ऐसे में एआई समिट जैसे अंतरराष्ट्रीय महत्व के आयोजन पर हंगामा करना केवल एक कार्यक्रम का विरोध नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक छवि और भारत की अंतरराष्ट्रीय साख पर सीधा वार है।

परमार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति सदैव राष्ट्रहित के विरुद्ध रही है। जब-जब भारत ने विश्व में अपनी ताकत दिखाई, कांग्रेस ने उसे कमजोर करने का प्रयास किया। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की उपलब्धियों को कमतर आंकना, देश की छवि को धूमिल करना और प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर सवाल उठाना, यही कांग्रेस की पुरानी प्रवृत्ति रही है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार है, परंतु राष्ट्र की गरिमा को ठेस पहुंचाना देशद्रोही मानसिकता को दर्शाता है।

Next Story