- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Dharamshala: अब...
Dharamshala: अब पेंशनर्स को नहीं होगी परेशानी, बोर्ड की बड़ी पहल

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड अब अपने सेवानिवृत्त अधिकारियों और पेंशनर्स की सुध लेने के लिए पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। सालों की सेवा के बाद पेंशन और अपने हक के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने वाले कर्मचारियों को राहत देने के लिए बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने एक विशेष मुहिम शुरू की है। इसी कड़ी में शनिवार को धर्मशाला में अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर 18 फरवरी को होने वाले महा-मंथन की रूपरेखा तैयार की गई।
पेंशन और एरियर की बाधाएं होंगी दूर
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने स्पष्ट किया कि 18 फरवरी को होने वाली बैठक महज एक औपचारिक चर्चा नहीं, बल्कि परिणाम देने वाला मंच होगी। इसमें पेंशनर्स से जुड़े संवेदनशील मुद्दों जैसे कि पारिवारिक पेंशन, लंबित एरियर, चिकित्सा बिलों का भुगतान और तकनीकी बाधाओं को मौके पर ही सुलझाने की कोशिश की जाएगी। डॉ. शर्मा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि हर मामले को संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ देखा जाए ताकि बुजुर्ग पेंशनर्स को सम्मानजनक समाधान मिले।
ऑन-द-स्पॉट फैसले और प्रभावी मॉनिटरिंग
बैठक के दौरान रणनीति बनाई गई कि जो मामले बोर्ड के अधिकार क्षेत्र में हैं, उनका निपटारा तुरंत प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। वहीं, जिन फाइलों पर प्रदेश सरकार या अन्य विभागों की मंजूरी अनिवार्य है, उन्हें बोर्ड खुद आगे बढ़कर संबंधित अथॉरिटी के पास पैरवी के लिए भेजेगा। डॉ. शर्मा के अनुसार, इस पूरी कवायद का उद्देश्य पेंशनर्स की समस्याओं को व्यावहारिक और विधिसम्मत तरीके से हल करना है।
पेंशनर्स के सम्मान में बोर्ड का सार्थक कदम
बोर्ड के इस कदम से हजारों सेवानिवृत्त कर्मचारियों में उम्मीद की नई किरण जगी है। बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि बोर्ड अपने पूर्व कर्मचारियों के अनुभवों का सम्मान करता है और उनकी परेशानियों को दूर करने के लिए प्रतिबद्ध है। शनिवार को हुई इस तैयारी बैठक में सहायक सचिव सहित बोर्ड के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने आगामी 18 फरवरी की बैठक को सुव्यवस्थित और उद्देश्यपूर्ण बनाने का रोडमैप साझा किया।





