हिमाचल प्रदेश

Dharamshala: वन महोत्सव के अवसर पर देवदार का पौधा लगाकर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

Admindelhi1
20 Aug 2026 9:15 AM IST
Dharamshala: वन महोत्सव के अवसर पर देवदार का पौधा लगाकर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
x
देवदार का पौधा रोपकर केवल सिंह पठानिया ने पर्यावरण बचाने का दिया संदेश

धर्मशाला: शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मंगलवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकंडी स्थित रिड़कमार में वन विभाग द्वारा आयोजित 77वें वन महोत्सव एवं पौधारोपण कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने देवदार का पौधा रोपित कर शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में वन महोत्सव की शुरुआत की।

पठानिया ने कहा कि पौधारोपण को जन आंदोलन बनाना होगा। हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि वनों से हमें अनेक लाभ मिलते हैं। जितने अधिक पेड़ लगाए जाएंगे, उतनी ही हरियाली बढ़ेगी और प्रदेश समृद्ध एवं पर्यावरण की दृष्टि से सुरक्षित बनेगा।

उन्होंने बताया कि धर्मशाला वन मंडल के तहत इस वर्ष 110 हेक्टेयर भूमि पर पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर उन्होंने रूलेड की सुनीता देवी को विधवा पुनर्विवाह योजना के अंतर्गत 1.23 लाख की एफडी भेंट की।

इस अवसर पर कंजर्वेटर फॉरेस्ट बासु कौशल ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं, जो सभी के लिए सुखद पहलू है।

कार्यक्रम के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दरीणी के अध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने भी पौधारोपण किया। इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा स्थानीय लोगों ने भी पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Next Story