- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Dharamshala: विधायक...
Dharamshala: विधायक निधि में आ रही अड़चनें जल्द खत्म होंगी: मुख्यमंत्री

धर्मशाला: मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक निधि जारी न होने के पीछे दिक्कत जरूर है, यह बात सही है कि विधायक निधि थोड़ी रुकी है। मंत्रियों व विधायकों के बढ़े हुए भत्तों का भुगतान नहीं हुआ है, जिसका जिक्र विधायक सतपाल सत्ती ने भी किया है। विधायकों को बिजली, पानी का बिल, हाउस रेंट देना होगा और इन्कम टैक्स भी देना होगा। मेरा मानना है कि जैसे ही ट्रेजरी ठीक होगी और विधायकों को बढ़ा हुआ वेतन मिल जाएगा। आज डिजास्टर एक्ट पूरी तरह से लागू कर दिया गया है, एक-डेढ़ माह में डिजास्टर का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह बात वीरवार काे धर्मशाला में मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में कही।
गुटों में बंटी भाजपा के कारण जय राम को आ रहा है ज्यादा गुस्सा: विपक्ष द्वारा केबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी के वायकाट पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, जगत सिंह नेगी के प्रति कुछ हीन भावना रखते हैं, इसमें कोई दो राय नहीं है। नेगी सबसे मेहनती मंत्री हैं और डिजास्टर में सबसे ज्यादा काम करते हैं। नेगी तथ्यों पर बोलते हैं तो जयराम ठाकुर को पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते कुछ बातें पिंच होती हैं, लेकिन मेरा मानना है कि वॉकआउट करके कोई फायदा नहीं है, आपसी सामजस्य से बात करनी चाहिए। जयराम ठाकुर को भी जगत सिंह नेगी के प्रति गंभीर टिप्पणियां नहीं करनी चाहिए। नेता तत्परता और तथ्यों पर बात करते हैं।
विपक्ष द्वारा 11 दिसंबर के जश्न को रद्द करने की उठाई जा रही मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उस दिन सरकार का आपदा प्रभावित परिवारों को पैसा देने का कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि भाजपा के समय तो 80-80 लाख के टेंट लगते थे और 40-40 लाख खाने पर खर्च कर देते थे। सरकार के तीन साल के कार्यक्रम को डिजास्टर फंड से नहीं, बल्कि सरकार अपने स्तर पर उस पर खर्च करेगी।
ओबीसी कल्याण बोर्ड में नगरोटा बगवां के लोगों को शामिल न करने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले चरण में 40-42 विधानसभा क्षेत्रों के लोग आए हैं, जो शेष 26 विधानसभा क्षेत्र बचे हैं, उनके लोगों को भी ओबीसी कल्याण बोर्ड में जगह मिलेगी। नगरोटा बगवां से आरएस बाली जितने बोलेंगे, 15 की जगह 20 लोग भी कहेंगे तो कल्याण बोर्ड में डाल देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पेंशनर्स की डिमांड जायज है। प्रदेश के विकास में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सरकार पेंशनर्स को पेंशन दे रही है, लेकिन उसमें कुछ दिक्कतें हैं, जो कि हमारे कारण नहीं आई हैं, जबकि कुछ दिक्कतें केंद्र सरकार के कारण भी आई हैं, उन दिक्कतों से पार पाया जा रहा है, उसमें थोड़ा समय लगेगा।





