हिमाचल प्रदेश

Dharamshala: सीयू ऑनलाइन शिक्षा केंद्र की नई पहल, प्रॉस्पेक्टस का विमोचन

Admindelhi1
29 July 2026 10:44 AM IST
Dharamshala: सीयू ऑनलाइन शिक्षा केंद्र की नई पहल, प्रॉस्पेक्टस का विमोचन
x
दूरस्थ शिक्षा के अवसरों को विस्तार देने की दिशा में कदम

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने मंगलवार को दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा के जुलाई 2026 सत्र के प्रॉस्पेक्टस का विमोचन किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता अकादमिक प्रो. प्रदीप कुमार, कुलसचिव प्रो. नरेंद्र सांख्यान, ऑनलाइन एवं दूरस्थ शिक्षा केंद्र के निदेशक प्रो. विशाल सूद, कुलपति के सचिव प्रो. सुमन शर्मा, परीक्षा नियंत्रक प्रो. जितेंद्र गर्ग, केंद्र के सह निदेशक डॉ. चमन कश्यप और सहायक निदेशक डॉ. हरीश गौतम उपस्थित रहे ।

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय में जनवरी 2025 में दूरवर्ती एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र की स्थापना हुई थी। स्थापना के बाद से अब तक जुलाई 2025 और जनवरी 2026 के दो सत्र सफलतापूर्वक संचालित किए जा चुके हैं। इन सत्रों में हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों के विद्यार्थी भी ऑनलाइन माध्यम से शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जिससे ऑनलाइन शिक्षा की तरफ विद्यार्थियों का खासा रुझान देखने को मिल रहा है।

कुलपति प्रो. बंसल ने बताया कि इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी तक शिक्षा पहुंचाना है। वर्तमान में केंद्र के माध्यम से पांच विषयों एमसीए, एमबीए, एमए इतिहास, अर्थशास्त्र और राजनीति विज्ञान में ऑनलाइन शिक्षा प्रदान की जा रही है।

उन्होंने बताया कि एमबीए में 500 सीटें, एमसीए में 200 सीटें उपलब्ध हैं। एमए इतिहास, अर्थशास्त्र और राजनीतिक विज्ञान में सीटों की संख्या असीमित रखी गई है।

कुलपति ने कहा कि केंद्र के माध्यम से चलाए जा रहे इन पाठ्यक्रमों में सरकारी और गैर सरकारी कर्मचारी भी बड़ी संख्या में प्रवेश ले रहे हैं। कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने बताया कि केंद्रीय विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के लिए सुनहरे अवसर ले कर आया है। अब विद्यार्थी यूजीसी नियमों के अनुसार एक समय में दो डिग्रियां प्राप्त कर सकता है।

1 सितंबर आवेदन की अंतिम तिथि

केंद्र के निदेशक प्रो. विशाल सूद ने बताया कि सत्र जुलाई 2026 के प्रवेश प्रारंभ हो चुके हैं। विद्यार्थी समर्थ पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 1 सितंबर, 2026 है। प्रो. सूद ने कहा कि विद्यार्थी लगातार केंद्र द्वारा स्थापित हेल्प डेस्क (9418141564) पर रोजाना आवेदन संबंधी पूछताछ और प्रवेश लेने का क्रम तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Next Story