हिमाचल प्रदेश

Dharamshala: संवेदनशील दृष्टिकोण से ही बचेगी प्रकृति: प्रो. कुलदीप अत्री

Admindelhi1
5 Jun 2026 4:50 PM IST
Dharamshala: संवेदनशील दृष्टिकोण से ही बचेगी प्रकृति: प्रो. कुलदीप अत्री
x
पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने की अपील प्रो. कुलदीप अत्री ने की

धर्मशाला: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय मेरा युवा भारत कांगड़ा द्वारा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय क्षेत्रीय केंद्र, मोहली खनियारा के एमबीए विभाग के सहयोग से चित्रकला प्रतियोगिता व पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, स्वच्छता तथा सतत विकास जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्तियां प्रस्तुत कीं। विद्यार्थियों की रचनाओं ने प्रकृति के संरक्षण और पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाया।

इसके उपरांत परिसर में पौधारोपण अभियान चलाया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में निदेशक एचपीयू क्षेत्रीय केंद्र प्रो. कुलदीप अत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया, इससे ही आने वाली पीढिंयों के लिए भविष्य की दिशा निर्धारित होगी। उन्होंने एमबीए विभाग एवं माई भारत कांगड़ा द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया तथा सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में युवाओं की भूमिका पर बल दिया।

इस अवसर पर एमबीए विभाग की डाॅ. जतिंदर कौर, डाॅ. गौरव कटोच, यथार्थ वैद्य एवं डाॅ. सोनिका तथा विद्यार्थी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Next Story