हिमाचल प्रदेश

Dharamshala: एचपीसीए स्टेडियम का सांसदों ने किया निरीक्षण

Admindelhi1
29 April 2026 10:58 AM IST
Dharamshala: एचपीसीए स्टेडियम का सांसदों ने किया निरीक्षण
x

धर्मशाला: धर्मशाला पंहुचे लोक लेखा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को दूसरे दिन दुनिया के सबसे खूबसूरत स्टेडियमों में से एक धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम को निहारा। पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने मंगलवार को लोक लेखा समिति (पीएसी) के प्रतिनिधिमंडल को विश्व के सबसे खूबसूरत स्टेडियमों में से एक धर्मशाला के एचपीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का भ्रमण कराया।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वरिष्ठ कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने किया। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा सांसद सीएम रमेश, कांग्रेस सांसद शक्ति सिंह गोहिल, अमर सिंह और जनसेना सांसद वी. बालाशोरी शामिल थे। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल को स्टेडियम की विस्तृत जानकारी दी गई, जिसमें अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में खेल ढांचा, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने में स्टेडियम की भूमिका पर प्रकाश डाला। यह दौरा भारतीय क्रिकेट में उत्कृष्टता का प्रतीक बन चुके इस स्टेडियम को प्रदर्शित करने और राज्य की प्रगति में इसके योगदान को दिखाने में सहायक रहा।

एचपीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के विकास के बाद धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय परिवर्तन आया है। अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल मैचों ने घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों की निरंतर आमद बढ़ाई है, जिससे स्थानीय पर्यटन को बहुत बढ़ावा मिला है और क्षेत्र में पर्याप्त राजस्व उत्पन्न हो रहा है।

स्टेडियम ने होटल, रेस्तरां, टैक्सी ऑपरेटर्स, टूर एंड ट्रैवल एजेंसियों, स्थानीय कारीगरों और छोटे विक्रेताओं सहित अनेक सहायक व्यवसायों को सीधा लाभ पहुंचाया है। इससे कांगड़ा घाटी में हजारों परिवारों को रोजगार के अवसर बढ़े हैं, होटलों में अधिकतम ऑक्यूपेंसी दरें बढ़ी हैं और समग्र आर्थिक उन्नति हुई है।

Next Story