हिमाचल प्रदेश

Dharamshala: एचपी शिवा क्लस्टर में सिंचाई सुविधा जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश

Admindelhi1
17 July 2026 9:28 AM IST
Dharamshala: एचपी शिवा क्लस्टर में सिंचाई सुविधा जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश
x
शिवा क्लस्टर की सिंचाई व्यवस्था को लेकर सरकार का सख्त रुख

धर्मशाला: शाहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बुधवार को शाहपुर के झुलाड स्थित एचपी शिवा क्लस्टर से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने जल शक्ति विभाग को निर्देश दिए कि एचपी शिवा क्लस्टर क्षेत्र में सिंचाई की व्यवस्था शीघ्र अति शीघ्र सुनिश्चित की जाए, ताकि बागवानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि बागवानी विभाग द्वारा अपने हिस्से के अधिकांश कार्य पूरे किए जा चुके हैं तथा अब पौधरोपण (प्लांटेशन) का उपयुक्त समय है। यदि समय पर सिंचाई की व्यवस्था नहीं हुई तो निर्धारित अवधि में पौधरोपण कार्य प्रभावित होगा, जिससे बागवानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

इसके उपरांत विधायक केवल सिंह पठानिया ने झुलाड स्थित प्लांट हेल्थ क्लिनिक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने क्लिनिक में शेष बचे कार्यों को अगले 15 दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि यह सुविधा जल्द से जल्द बागवानों के लिए उपलब्ध हो सके।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकार की सभी विकास एवं जनकल्याणकारी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, जिससे पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यों को गति दें।

Next Story