हिमाचल प्रदेश

Dharamshala: कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में ‘हुनर हाट’ का शुभारंभ

Admindelhi1
25 March 2026 7:33 PM IST
Dharamshala: कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में ‘हुनर हाट’ का शुभारंभ
x

धर्मशाला: चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर द्वारा महिला किसानों को सशक्त बनाने एवं ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विश्वविद्यालय परिसर के गेट संख्या-3 पर “हुनर हाट” विपणन एवं विक्रय केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र का उद्घाटन कुलपति डॉ. ए.के. पांडा द्वारा किया गया, जो महिला समूहों एवं कृषि आधारित स्टार्टअप्स को सतत बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस मौके पर कुलपति ने कहा कि इस प्रकार की पहलें ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ करने, महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने तथा कृषि उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि विश्वविद्यालय नवाचार, मूल्य संवर्धन तथा स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे किसानों की आय एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता में वृद्धि हो सके।

“हुनर हाट” केंद्र महिला किसान हित समूहों, स्वयं सहायता समूहों, तकनीकी लाइसेंसधारकों तथा स्टार्टअप्स द्वारा विकसित उत्पादों के विपणन हेतु एक समर्पित मंच के रूप में कार्य करेगा। यह पहल “कृषि में महिलाएं” विषयक अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना तथा हिम पालम आरकेवीवाई-रफ्तार कार्यक्रम के अंतर्गत पोषित स्टार्टअप्स के सहयोग से संचालित की जा रही है।

इस केंद्र में जैविक एवं मूल्य संवर्धित उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध है, जिसमें मौसमी अचार एवं संरक्षित खाद्य पदार्थ, पौष्टिक आटा एवं ताजे बेकरी उत्पादों के साथ-साथ हस्तनिर्मित वस्तुएं जैसे सिलाई किए हुए बैग एवं पारंपरिक हस्तशिल्प शामिल हैं।

सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. चंद्रकांता वत्स ने इस सुविधा के लिए कुलपति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल विश्वविद्यालय के विस्तार कार्यों को और सुदृढ़ करेगी तथा महिला उद्यमियों एवं स्टार्टअप्स को आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सशक्त मंच प्रदान करेगी।

Next Story