- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Dharamshala: परीक्षा...
Dharamshala: परीक्षा केंद्रों के नवीनीकरण को लेकर हिमाचल बोर्ड ने जारी की आवेदन प्रक्रिया

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और आधुनिक बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ राजेश शर्मा ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत मार्च-2027 में आयोजित होने वाली नियमित परीक्षाओं के लिए बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों के प्रतिधारण और नवीनीकरण की ऑनलाइन प्रक्रिया का शंखनाद कर दिया है। इसके तहत प्रदेश भर के संबंधित विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों से निर्धारित समयावधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अपने संस्थान को परीक्षा केंद्र के रूप में बरकरार रखने के इच्छुक विद्यालय 1 सितंबर से 30 सितंबर, 2026 तक निर्धारित सामान्य शुल्क के साथ बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद आवेदन करने वालों पर विलंब शुल्क का कड़ा प्रावधान लागू होगा।
बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक 1,000 तथा 16 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक 2,000 के विलंब शुल्क के साथ ही फॉर्म स्वीकार किए जाएंगे। यदि कोई संस्थान 31 अक्टूबर तक भी आवेदन नहीं करता है, तो उसके बाद प्राप्त मामलों पर केवल बोर्ड सचिव या अध्यक्ष की विशेष स्वीकृति के उपरांत ही विचार होगा। इसके लिए संस्थान को 5,000 विलंब शुल्क और नियमानुसार अन्य कड़े दंड भुगतने होंगे।
इस नई डिजिटल पहल को लेकर बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने स्पष्ट किया कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, हमारा मुख्य लक्ष्य एक ऐसी परीक्षा प्रणाली विकसित करना है जो न केवल पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय हो, बल्कि तकनीक-सक्षम भी हो। डॉ. शर्मा ने कहा कि एक मजबूत और व्यवस्थित परीक्षा केंद्र ही प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण परीक्षा प्रणाली की मजबूत नींव है।
आवेदन प्रक्रिया को सुगम और त्रुटिरहित बनाने के लिए बोर्ड ने आवेदन पत्र, नियम व शर्तें और अन्य सभी आवश्यक दिशा-निर्देश अपनी आधिकारिक वेबसाइट में अनुभाग में अपलोड कर दिए हैं।





