हिमाचल प्रदेश

Dharamshala: विस्थापितों के पुनर्वास को प्राथमिकता दे रही सरकार : कमलेश ठाकुर

Admindelhi1
15 July 2026 10:00 AM IST
Dharamshala: विस्थापितों के पुनर्वास को प्राथमिकता दे रही सरकार : कमलेश ठाकुर
x
कमलेश ठाकुर ने पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने का भरोसा दिलाया

धर्मशाला: प्रदेश सरकार द्वारा पौंग बांध विस्थापित परिवारों के पुनर्वास एवं उनके अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंगलवार को देहरा विधानसभा क्षेत्र के भटोली फकोरियां में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 42 पात्र पौंग बांध विस्थापित परिवारों को भूमि आवंटन के पट्टे वितरित किए गए। इस अवसर पर देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए लाभार्थियों को भूमि आवंटन पत्र प्रदान किए।

इस अवसर पर अपने संबोधन में विधायक कमलेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पौंग बांध विस्थापित परिवारों के वर्षों से लंबित मामलों के समाधान के लिए गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को उनका अधिकार दिलाना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा पुनर्वास प्रक्रिया को चरणबद्ध एवं समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इससे पूर्व हरिपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 89 पात्र पौंग बांध विस्थापित परिवारों को भूमि आवंटन के पट्टे प्रदान किए गए थे अब 42 और पात्र परिवारों को भूमि आवंटन के पट्टे प्रदान कर प्रदेश सरकार ने पुनर्वास प्रक्रिया को और गति प्रदान की है। विधायक ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि कोई भी पात्र विस्थापित परिवार अपने अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र मामलों के निस्तारण में तेजी लाई जाए तथा पुनर्वास से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने क्षेत्रवासियों एवं पौंग बांध विस्थापित परिवारों की समस्याओं को भी सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर भूमि आवंटन के पट्टे प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू एवं विधायक कमलेश ठाकुर का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने विस्थापित परिवारों की पीड़ा को समझते हुए उन्हें न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया है।

Next Story