हिमाचल प्रदेश

Dharamshala: किसानों को मिले इलेक्ट्रिक स्प्रे पंप, राज्यसभा सांसद ने किया वितरण

Admindelhi1
4 Sept 2026 11:18 AM IST
Dharamshala: किसानों को मिले इलेक्ट्रिक स्प्रे पंप, राज्यसभा सांसद ने किया वितरण
x
कृषि सिंचाई योजना के तहत किसानों को इलेक्ट्रिक स्प्रे पंप का वितरण

धर्मशाला: कांगड़ा जिला के उपमंडल बैजनाथ की ग्राम पंचायत सेहल में वीरवार को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत किसानों के लिए इलेक्ट्रिक स्प्रे पंप वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की तथा किसानों को इलेक्ट्रिक स्प्रे पंप वितरित किए।

राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए कहा कि वे प्रदेश के विकास सहित बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों और लोगों की आवश्यकताओं को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं।

उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्होंने देश के रेल मंत्री से मुलाकात कर पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल लाइन को ब्रॉडगेज में परिवर्तित करने की मांग प्रमुखता से रखी है। इस संबंध में रेल मंत्री द्वारा आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश और विशेषकर कांगड़ा क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को संबंधित स्तर पर उठाना उनकी प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा राज्य के उत्थान के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुख आश्रय योजना के तहत हजारों निराश्रित बच्चों को 'चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट' के रूप में विभिन्न सुविधाएं एवं लाभ प्रदान किए जा रहे हैं। वहीं, राजीव गांधी स्टार्ट-अप योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में खेल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। 5 करोड़ रुपये की लागत से इनडोर स्टेडियम तथा 2 करोड़ रुपये की लागत से खीरगंगा घाट के लिए प्रदेश सरकार द्वारा राशि जारी की गई है।

Next Story