हिमाचल प्रदेश

Dharamshala: ओपीएस को लेकर बिजली बोर्ड कर्मचारियों का प्रदर्शन, विधायक पठानिया को ज्ञापन

Admindelhi1
12 Aug 2026 8:19 PM IST
Dharamshala: ओपीएस को लेकर बिजली बोर्ड कर्मचारियों का प्रदर्शन, विधायक पठानिया को ज्ञापन
x
ओपीएस बहाली को लेकर बिजली बोर्ड कर्मचारियों ने विधायक पठानिया से की मांग

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड (एचपीएसईबीएल) के कर्मचारियों के लिए अन्य सरकारी विभागों एवं संस्थानों के कर्मचारियों की तर्ज पर पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू करने की मांग को लेकर बुधवार को कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया के माध्यम से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विद्युत बोर्ड के कर्मचारी प्रदेश में विद्युत आपूर्ति जैसी अत्यंत आवश्यक एवं जनहितकारी सेवा को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कर्मचारी कठिन एवं विषम परिस्थितियों में भी दिन-रात सेवाएं देकर प्रदेश की जनता को निर्बाध विद्युत सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए कार्यरत हैं।

ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश सरकार द्वारा कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन योजना को लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। ऐसे में एचपीएसईबीएल कर्मचारी भी लंबे समय से ओपीएस के लाभ की मांग कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विद्युत बोर्ड प्रदेश सरकार के स्वामित्व वाला महत्वपूर्ण सार्वजनिक उपक्रम है, इसलिए इसके कर्मचारियों को भी अन्य सरकारी विभागों एवं संस्थानों के कर्मचारियों की तर्ज पर पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया जाना न्यायसंगत होगा।

प्रतिनिधिमंडल ने वर्तमान पेंशन व्यवस्था के कारण सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा को लेकर कर्मचारियों में बनी चिंता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन योजना कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के पश्चात सम्मानजनक एवं सुरक्षित जीवनयापन का आधार प्रदान करती है।

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक केवल सिंह पठानिया से आग्रह किया कि वे एचपीएसईबीएल कर्मचारियों की इस जायज मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएं तथा इसके समाधान के लिए आवश्यक पहल करें।

विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की मांग को सरकार के समक्ष उचित मंच पर प्रमुखता से रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी हित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक पहल के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

Next Story